उत्तराखण्डनवीनतम

कुमाऊं # शक्तिगढ़ में भाजपा के सुनील व केलाखेड़ा में सपा के अकरम ने दर्ज की जीत

Ad
ख़बर शेयर करें -




सितारगंज क्षेत्र की शक्तिगढ़ नगर पंचायत के नवनिर्वाचित चेयरमैन सुनील विश्वास समर्थकों के साथ।

रुद्रपुर। जिले की दो नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न हुए। जिनमें से एक सीट पर भाजपा ने व दूसरी पर सपा ने जीत दर्ज की। नगर पंचायत शक्तिगढ़ के अध्यक्ष पद पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील विश्वास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार सुमित मंडल को 43 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। इससे पहले भाजपा नेता स्व. सुकांत ब्रह्म चेयरमैन थे और पद पर रहते उनका निधन हो गया था।

Ad





शनिवार को मंडी समिति सितारगंज स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी सुनील विश्वास को विजयी घोषित किया गया। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील विश्वास ने कुल 1531 मत हासिल किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी सुमित मंडल को 1488 मत मिले। तीसरे नंबर पर रहे निर्दलीय रमेश राय को 804 मत पर ही संतोष करना पड़ा। नोटा को पांच वोट पड़े और 39 मत निरस्त हुए। इसके बाद भाजपाइयों ने नगर में ढोल नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। नवनिर्वाचित चेयरमैन सुनील विश्वास ने नगर की जनता के साथ कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया। कहा कि दिवंगत चेयरमैन सुकांत ब्रह्म के कार्यकाल में अधूरे रह गए सभी कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण किए जाएंगे।




बाजपुर क्षेत्र की केलाखेड़ा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अकरम खां को जीत का प्रमाण पत्र देते एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी।

बाजपुर। केलाखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए उप चुनाव मो. सफी (निर्दलीय), बबली नेहरा (निर्दलीय), गुलनाज (कांग्रेस), विशेष गुप्ता (निर्दलीय), अकरम खां (सपा) समेत पांच प्रत्याशी मैदान में थे। गुरुवार को नौ पोलिंग बूथों पर नगर पंचायत क्षेत्र के 7525 मतदाताओं में से 5421 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। शनिवार को तहसील परिसर में सुबह आठ बजे से नौ मेजों पर मतगणना शुरू हुई। मतगणना में सपा प्रत्याशी अकरम खां को सर्वाधिक 2255 मत मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी गुलनाज 2083 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शफी 822 मत पाकर तीसरे स्थान, निर्दलीय प्रत्याशी बबली नेहरा को 161 और निर्दलीय प्रत्याशी विशेष गुप्ता को कुल 33 मत प्राप्त हुए। पांच मतदाताओं ने नोटा को वोट किया जबकि 62 मत रद्द हुए। एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, आरओ अरुण कुमार ने अकरम खां निर्वाचित पत्र देकर 172 वोटों से विजय घोषित किया। विजयी घोषित होने के बाद समर्थकों ने अकरम खान को फूल मालाएं पहनाकर खुशी जताई। अकरम खां व उनके समर्थकों ने ढोल नगाड़े, डीजे के साथ केलाखेड़ा में विजय जुलूस निकालकर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।




Ad Ad