चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : जिला पंचायत की बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने पर दिया गया जोर

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिला पंचायत चम्पावत की द्वितीय बैठक मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ परिकल्पना को धरातल पर उतारने हेतु सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने पारदर्शिता, जनसहभागिता तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। अध्यक्ष ने जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अन्य विभागीय अधिकारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को योजनाओं की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। जिससे बेहतर योजना निर्माण संभव हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग समय-समय पर जनप्रतिनिधियों को योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, जल प्रबंधन समितियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने तथा जिला पंचायत सदस्यों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने विकास कार्यों को दीर्घकालिक, मध्यकालिक एवं लघुकालिक श्रेणियों में विभाजित कर प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वयन करने पर बल दिया। साथ ही, जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित पारंपरिक जल स्रोतों घराटों एवं नौलों को प्राकृतिक स्वरूप में संरक्षित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने विभागवार प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को ‘मेरी योजना पुस्तक’ के संबंध में भी जानकारी दी, जिससे योजनाओं की स्पष्ट समझ विकसित हो सके और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग मिल सके। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, समस्त जिला पंचायत सदस्यगण सहित जिला स्तरीय अधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।