विधानसभा चुनाव को देखते हुए रंजीत रावत को गढ़वाल और जीतराम को सौंपी गई कुमाऊं की ज़िम्मेदारी


देहरादून। विधानसभा चुनाव में भले ही अभी कुछ वक़्त हो लेकिन राजनैतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर पार्टी चुनाव से पहले खुद को मज़बूत बनाने में लगी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने भी खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड कांग्रेस से आज की बड़ी खबर है। आज कांग्रेस भवन में तमाम कार्यकारी अध्यक्ष, कमेटियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष ने बैठक की। आज की बैठक में कांग्रेस ने अपने तमाम कार्यकारी अध्यक्षों को जिम्मेदारी बांटी। कांग्रेस के तीन कार्यकारी अध्यक्षों को विधानसभाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस ने सौंप दी है। गढ़वाल पर्वतीय क्षेत्र की विधानसभाओं की जिम्मेदारी रंजीत रावत के पास होगी। वहीं कुमाऊं की विधानसभाओं के जिम्मेदारी जीतराम आर्य के पास होगी। मैदानी क्षेत्रों की विधानसभाओं की जिम्मेदारी तिलकराज बेहड़ को दी गई। इसके अलावा कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी को संगठन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं तमाम समितियों के अध्यक्षों और उपाध्यक्ष को भी मीटिंग में बुलाकर एक सप्ताह के भीतर अपना रोड मैप संगठन के साथ शेयर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 4 अगस्त को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है। जिसमें रोड मैप पर चर्चा होगी। साथ ही साथ पार्टी के विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। 2022 के चुनाव को लेकर रणनीति भी बनेगी। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने सीधे तौर पर कहा कि हम किसी का विरोध के लिए विरोध नहीं करेंगे, लेकिन जो मुद्दे होंगे उनको जरूर उठाएंगे और पुरजोर तरीके से उठाएंगे।

कांग्रेस ने दोनों मंडलों में मीडिया प्रभारी नियुक्त किए
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने भी अब कुमाऊं और गढ़वाल मडलों के लिए भी मीडिया प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। दोनों जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ताओं को दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया को कुमाऊं मंडल के मीडिया प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिया है। जबकि प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसोनी को गढ़वाल मंडल की जिम्मेदारी दी है। पार्टी प्रदेश प्रभारी योगेंद्र यादव ने बुधवार को यहां पत्रकार वार्ता में दोनों के नाम की घोषणा की। प्रभारी यादव ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का बहुत ही महत्वपूर्ण पिलर होता है। जनता के अनुरूप कांग्रेस की नीतियों को आगे पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए पार्टी ने प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि के निर्देशन में दीपक और गरिमा दो जोनल हेड नियुक्त किए हैं। यह दोनों पदाधिकारी अपने-अपने मंडलों के सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर वहां की समस्याओं को उठाने का काम करेंगे। उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बधाई दी है।
