देहरादून में इनोवा कार का कहर, कई गाड़ियों को रौंदा, बाप-बेटे की मौत, कई घायल

देहरादून। गुरुवार की शाम को डालनवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओल्ड सर्वे रोड पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। इसके साथ ही कई वाहनों को टक्कर भी मारी। जिसके बाद कार एक घर में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार इनोवा कार चालक नशे में धुत्त था। उसने सबसे पहले बाइक को बहुत तेज टक्कर मारी, फिर कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर पिता-बेटे सवार थे। हादसे में पिता रोहित फिलिप (उम्र 42 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि, उनका बेटा अनूप (उम्र 27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने आनन फानन में पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और अनूप को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने अनूप को मृत घोषित कर दिया। साथ ही इस घटना में कुछ अन्य घायलों को भी दून अस्पताल ले जाए जाने की सूचना है। कुछ अन्य को टक्कर मारने के बाद इनोवा कार एक घर में जा घुसी। जिससे परिसर में खड़ी एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

डालनवाला थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया है कि पुलिस ने मौके से इनोवा चालक को पकड़ लिया है। जो अपना नाम गुनीत सिंह बता रहा है। उसे गिरफ्तार कर मेडिकल के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल ले जाया गया है। साथ ही घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
साल 2024 में भी हो चुका भयानक इनोवा हादसा…
मालूम हो कि 11 नवंबर 2024 को भी रात के समय देहरादून के ओएनजीसी चौक पर इनोवा कार की कंटेनर से भयानक टक्कर हो गई थी। इस हादसे में इनोवा सवार 6 युवक-युवतियों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई थी. जबकि, उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था।

