टनकपुर: सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र शौर्य जोशी को INSPIRE–MANAK अवार्ड
टनकपुर/चम्पावत। सेंट फ्रांसिस स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र शौर्य जोशी ने INSPIRE–MANAK अवार्ड प्राप्त कर विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। शौर्य ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचारपूर्ण विचार के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की। इस सफलता के पीछे विद्यालय की शिक्षिका रेनू जोशी का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिनके निर्देशन में शौर्य ने अपना वैज्ञानिक आइडिया प्रस्तुत किया।

INSPIRE–MANAK (Innovation in Science Pursuit for Inspired Research – Million Minds Augmenting National Aspirations and Knowledge) अवार्ड भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना का उद्देश्य कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी समाज में मौजूद समस्याओं के समाधान के लिए अपने वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत करते हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट या मॉडल के विकास के लिए भारत सरकार की ओर से ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। शौर्य की इस उपलब्धि पर विद्यालय के विज्ञान शिक्षक पिताम्बर भट्ट, रेनू गहतोड़ी तथा ब्रजेश खर्कवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि शौर्य की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी विज्ञान तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

