हाईस्कूल में जतिन टॉपर, तो बहन प्रतिभा ने भी इंटर की मैरिट में बनाई जगह…

हल्द्वानी। हरगोविंद सुयाल स्कूल के हाईस्कूल के छात्र जतिन जोशी ने 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मैरिट लिस्ट में पहला स्थान पाया है। इसी स्कूल में अध्ययनरत उनकी बहन प्रतिभा जोशी ने इंटर में 92 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 25वां स्थान हासिल किया है।

मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी जतिन का परिवार वर्तमान में हल्द्वानी शहर के कुसुमखेड़ा में किराये के मकान में रहता है। जतिन के पिता प्रकाश जोशी ठेकेदार और मां इंद्रा जोशी गृहिणी हैं। जतिन ने हिंदी में 100, अंग्रेजी में 98, गणित में 99, विज्ञान में 99, सामाजिक विज्ञान में 100 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं उनकी बहन प्रतिभा ने हिंदी में 93, गणित में 96, फिजिक्स में 85, केमेस्ट्री में 94 और अंग्रेजी में 92 अंक प्राप्त किए हैं।
प्रतिभा ने अपनी कामयाबी के लिए छोटे भाई को प्रेरणा स्रोत बताया। बोलीं, मैं देखती थी कि जतिन का ध्यान पढ़ाई पर ही रहता था। उसी से सीख मिली और इंटर में खूब जमकर मेहनत की। प्रतिभा सिविल सर्विसेज के जरिये देश सेवा करना चाहती हैं। दोनों ने माता-पिता के अलावा गुरुजनों को अपना आदर्श बताया।
जतिन का कहना है कि सोशल मीडिया में रुचि लेने से भटकाव की स्थिति बनती है। उन्होंने एकाग्रता के लिए शतरंज का सहारा लिया। भाई-बहन चार से पांच घंटा घर में पढ़ाई के अलावा शतरंज खेलने में रुचि रखते हैं। जतिन स्कूल से राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं।
जतिन ने कहा, छात्रों को एकाग्रता के साथ पढ़ाई करनी चाहिए और टीचर की देखरेख में पढ़ना चाहिए। सभी विषयों की अच्छी जानकारी तभी हो सकती है, जब मन से उन्हें पढ़ा जाए और समझा जाए। साथ ही स्कूल की गतिविधियों में भाग लेने से भी बौद्धिक विकास होता है। जतिन ने बताया कि वह इंजीनियर बनना चाहते हैं।
