एसओजी व बनबसा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, 768 नशे के कैप्सूल समेत एक तस्कर गिरफ्तार
बनबसा/चम्पावत। जनपद चम्पावत में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी रेखा यादव के निर्देशन व सीओ वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण में एसओजी एवं बनबसा पुलिस टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक अभियुक्त को नशे के कैप्सूल समेत गिरफ्तार किया है।
बुधवार 11 मार्च को चेकिंग के दौरान धनुष पुल के पास पुलिस टीम ने अभियुक्त शादाब उर्फ शाहदाब (20 वर्ष) निवासी इस्लामनगर, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर के कब्जे से 96 पत्तों में कुल 768 कैप्सूल Proxyco Spas बरामद कर गिरफ्तार किया। बरामद किए गए, 768 कैप्सूलों में प्रतिबंधित साल्ट Tramadol Hydrochloride व Acetaminophen पाया गया। साथ ही उसके पास से रोडवेज टिकट, एक लाइटर व 40 रुपये नकद भी बरामद हुए।
औषधि निरीक्षक चम्पावत हर्षिता के अनुसार पकड़े गए कैप्सूल बिना चिकित्सकीय पर्चे के बेचना या बिना लाइसेंस परिवहन करना एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उक्त कैप्सूलों का प्रयोग नशे के लिए किया जाता है। वह ये कैप्सूल मझोला, पीलीभीत के एक संदिग्ध मेडिकल स्टोर से लाकर टनकपुर के रास्ते नेपाल ले जा रहा था।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी और अवैध नशे के कैप्सूलों की बरामदगी में SOG के कांस्टेबल उमेश राज की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उत्तराखंड को ड्रग-मुक्त बनाने के लिए किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों से संबंधित संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 112 या नजदीकी थाना/चौकी में दें।

