खटीमा व्यापार मंडल चुनाव चढ़ा हंगामे की भेंट, विवाद के बाद रोकी गई मतगणना
खटीमा। खटीमा में बुधवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल चुनाव हंगामे एवं राजनीति की भेट चढ़ गया। चुनाव मतगणना के दौरान हुए हंगामे में बीजेपी व कांग्रेस के नेता आमने-सामने आ गए। आरोप प्रत्यारोप का दौर जमकर चला। देर रात तक चले हंगामे के बाद प्रशासन के निर्देश पर चुनाव समिति द्वारा मतगणना को रोक दिया गया। साथ ही मतपेटियों को सील कर मतगणना स्थल के कमरों को भी सील कर दिया गया। चुनाव अधिकारियों ने अग्रिम निर्णय के बाद ही मतगणना कराए जाने की बात कही है।

खटीमा में बुधवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना हुई, जो कुछ देर बाद ही हंगामे की भेंट चढ़ गई। चुनाव में धांधली का आरोप लगा और मतगणना स्थल पर देर रात तक जमकर हंगामा हुआ। एसडीएम कोतवाल समेत भारी पुलिस फोर्स ने हंगामे को शांत कराया। हंगामा बढ़ता देख प्रशासन के निर्देश पर व्यापार मंडल चुनाव मतगणना को रोक दिया गया है। चुनाव समिति द्वारा मत पेटियों को धर्मशाला के ही कमरे में सील कर दिया गया है। चुनाव के मामले में फिलहाल प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के द्वारा निर्णय लिया जाएगा कि आगे मतगणना कब होगी। पूरे विवाद में सुबह 9 बजे से चार बजे तक हुए मतदान में जहां 3202 में से 2704 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। शाम को मतगणना शुरू होने के बाद कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद जरीफ को विजयी घोषित कर दिया गया।
लेकिन विवाद तब उपजा जब कुल पड़े वोटों में मतपेटियों में 27 वोट कम निकलने, जिसके बाद प्रत्याशियों के समर्थकों एवं भाजपाइयों द्वारा हंगामा शुरू कर दिया गया। जिन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। साथ ही चुनाव मतगणना रोकने की मांग की गई। इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी भी मतगणना स्थल पहुंच गए। जिस पर भाजपा कांग्रेस आमने सामने आ गए। व्यापार मंडल चुनाव में हंगामा बढ़ता देख मौके पर पहुंचे प्रशासन एवं पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन जब मामला शांत नहीं हुआ। इस पर चुनाव समिति को प्रशासन ने मतगणना रोकने के निर्देश दिए।
चुनाव समिति ने मत पेटियों को सील कर उन्हें धर्मशाला के ही कमरे में रखकर कमरे को सील कर दिया गया। वहीं चुनाव पर्यवेक्षक महेश जोशी व जिलाध्यक्ष प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उधम सिंह नगर राजकुमार गुड्डी ने चुनाव मतगणना प्रशासन के निर्देश पर रोकने की बात कह आगे जो भी निर्णय निकलेगा। उसके बाद ही मतगणना कराए जाने की बात कही है। देर रात खटीमा चौराहे पर भी भाजपा कांग्रेस ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही जमकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए।

