लोहाघाट : बिशुंग के लेफ्टिनेंट हर्षित देव बने ओड़िशा राज्यपाल के नए एडीसी
लोहाघाट/चम्पावत। क्षेत्र के ग्राम बिशुंग निवासी लेफ्टिनेंट हर्षित देव को ओड़िशा के राज्यपाल का नया एडीसी (Aide-De-Camp) नियुक्त किया गया है। बताया गया है कि सोमवार को भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने उन्हें औपचारिक रूप से यह दायित्व सौंपा। इस नियुक्ति के साथ ही लेफ्टिनेंट हर्षित देव ने न केवल अपने परिवार, क्षेत्र और चम्पावत जिले का मान बढ़ाया है बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया है।
एडीसी नियुक्ति से पहले लेफ्टिनेंट हर्षित देव भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस आदित्य पर वॉच कीपिंग ऑफिसर (WKO) के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अपने अब तक के नौसैनिक करियर में उन्होंने जिम्मेदारी, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया है। बता दें कि लेफ्टिनेंट हर्षित देव ने वर्ष 2020 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला से प्रशिक्षण पूरा किया, जबकि 2021 में भारतीय नौसेना अकादमी (INA), एझिमाला से पास आउट हुए। उन्होंने एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बी.टेक की डिग्री हासिल की है, जिससे उनकी तकनीकी समझ भी मजबूत रही है।

हर्षित की परिजनों के अनुसार मई 2022 में हर्षित ने आईएनएस दिल्ली पर सब-लेफ्टिनेंट (फ्लोट) का प्रशिक्षण पूरा किया। इसके बाद वे SLT (X) टेक्निकल कोर्स कर अप्रैल 2023 में आईएनएस आदित्य में नियुक्त हुए। जहां दिसंबर 2023 में उन्हें वॉच कीपिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई। अपने सेवाकाल के दौरान वे कई नौसैनिक अभियानों, फ्लीट तैनाती और अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों का हिस्सा रहे, जिससे उन्हें
आपको बता दें कि अपनी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से समूचे प्रदेश को गोरवान्वित करने वाले लेफ्टिनेंट हर्षित देव के पिता नरेश सिंह देव जहां शिक्षा विभाग से लेक्चरर पद से सेवानिवृत्त हैं और वे राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक रह चुके हैं, वहीं उनकी मां चंद्रकला देव एक कुशल गृहिणी हैं। बताते चलें कि हर्षित देव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई डीएवी इंटर कॉलेज, लोहाघाट से पूरी की।
बता दें कि ओड़िशा के राज्यपाल के साथ दो एडीसी नियुक्त रहते हैं, जिनमें एक भारतीय नौसेना से और दूसरा राज्य पुलिस सेवा से होता है। वर्तमान में राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति के दूसरे एडीसी के रूप में कुलदीप मीणा, आईपीएस कार्यरत हैं। लेफ्टिनेंट हर्षित देव की इस उपलब्धि पर उनके भाई मेजर अमित देव, बहन डॉ. मेघा देव, अनवित देव, डॉ. विनीता देव, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, सचिन जोशी, डीडीपांडेय, बीसी मुरारी, नवीन मुरारी सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

