लोहाघाट : खूनाबोरा के अरविंद बने वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर, बहन के बाद भाई ने किया क्षेत्र का नाम रोशन
चम्पावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र के ग्राम खूनाबोरा के अरविंद सिंह बोहरा (रवि) ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार 15 जून को हुई भारतीय वायुसेना की पासिंग आउट परेड के बाद वे फ्लाइंग ऑफिसर बन गए हैं। सूबेदार दिनेश सिंह बोहरा और गोदावरी बोहरा के पुत्र अरविंद मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वायु सेना में अधिकारी बने हैं।

रविवार को अरविंद के चाचा पूर्व भाजपा जिला महामंत्री नवीन बोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि अरविंद की बड़ी बहन मनीषा बोहरा भी भारतीय सेना में अधिकारी हैं। मनीषा ने गणतंत्र दिवस परेड 2022 में पहली बार किसी महिला अधिकारी द्वारा पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व करने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। अरविंद के वायु सेना में अधिकारी बनने पर लोहाघाट के पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, ब्लाक प्रमुख नेहा ढेक, विनीता फर्त्याल, सुमन लता और रेखा देवी समेत खूनाबोरा-लोहाघाट क्षेत्र के अनेकों जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। नवीन बोहरा ने बताया अरविंद को देश सेवा की प्रेरणा परिवार से ही मिली है। उनके दादा अपने दोनों भाईयों समेत देश सेवा कर चुके हैं और चाचा-ताऊ भी सेना में रहे हैं और अभी उनके चचेरे भाई भी सेना में रहकर देश सेवा कर रहे हैं।पासिंग आउट परेड में उनके माता-पिता और बहन कैप्टन मनीषा बोहरा भी उपस्थित रहीं। अरविंद के पिता सूबेदार दिनेश सिंह बोहरा सेवानिवृत्त होकर यूनियन बैंक की लोहाघाट शाखा में कार्यरत हैं।
