उत्तराखण्डजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

लोहाघाट: पूर्व विधायक फर्त्याल ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप, विधायक अधिकारी ने लगाया उन्हें बदनाम करने का आरोप

ख़बर शेयर करें -
पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल व वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी।

चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल व वर्तमान कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। जहां पूर्व विधायक ने खुशाल सिंह अधिकारी पर विधायक निधि के मामले में जनता को गुमराह करने का लगाया गंभीर आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने इस मामले में पूर्व विधायक पर उन्हें बदनाम करने के लिए तथ्यहीन आरोप लगाने का आरोप लगाया है।

लोहाघाट विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने वर्तमान कांग्रेसी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर अपनी विधायक निधि में जनता को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को पूर्व विधायक फर्त्याल ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी जनता को उनकी विधायक निधि में कोर्ट द्वारा रोक लगाने की झूठी बात बताकर गुमराह कर रहे हैं, जबकि कोर्ट ने उनकी विधायक निधि में कोई भी रोक नहीं लगाई है। फर्त्याल ने दावा करते हुए कहा कि अगर मेरी बात झूठी निकली तो मैं राजनीति से सन्यास ले लूंगा और विधायक अधिकारी का दामन थाम लूंगा।


फर्त्याल ने कहा कि 8 करोड़ 45 लाख रुपए विधायक निधि रिलीज हो चुकी है जबकि, विधायक अधिकारी के द्वारा विधानसभा में अभी तक मात्र 1 करोड़ 41 लाख रुपए ही विधायक निधि के खर्च करें हैं। 7 करोड 4 लाख रूपए की विधायक निधि सीडीओ ऑफिस में डंप पर पड़ी हुई है। विधायक जनता को विधायक निधि में कोर्ट की रोक लगने की झूठी बात कहकर गुमराह कर रहे हैं। जिस कारण विधानसभा के कई विकास कार्य रुक गए हैं। फर्त्याल ने कहा अगर यह बात सत्य है तो विधायक अधिकारी कोर्ट का आदेश सार्वजनिक करें। उन्होंने जनता से ऐसे जनप्रतिनिधियों से सावधान रहने की अपील की है। मालूम हो फर्त्याल और अधिकारी आपस में कट्टर प्रतिद्वंदी है दोनों ही विधानसभा चुनाव में एक एक बार एक दूसरे को पटखनी दे चुके हैं। फर्त्याल के द्वारा 2022 विधानसभा चुनाव में विधायक अधिकारी पर तथ्य छुपाने का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालय नैनीताल में उनकी विधायकी को रद्द करने की याचिका दायर की गई है इन दोनों दिग्गजों की यह लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है।

वहीं अब लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि विधानसभा लोहाघाट के पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने जो उन पर विधायक निधि को लेकर आरोप लगाए हैं, वह सभी झूठे वह तथ्यहीन हैं। विधायक अधिकारी ने कहा अगर यह बात सही है तो वह साबित करें। उन्होंने कहा विधायक निधि में कोर्ट ने कोई रोक नहीं लगा रखी है ना ही उन्होंने ऐसी बात किसी से कही है। अधिकारी ने कहा उन्हें अभी तक जितना भी समय मिला उन्होंने विधायक निधि को गांव में जनता के बीच चौपाल लगाकर बांटा है। विधायक अधिकारी ने कहा पूर्व विधायक फर्त्याल ने उन्हें बेवजह कोर्ट में घसीटा है और उनका काफी समय कोर्ट में नष्ट हो रहा है। जिस कारण वे जनता को समय नहीं दे पा रहे हैं। जिसके लिए पूर्व विधायक फर्त्याल जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा पूर्व विधायक की मनसा कभी पूरी नहीं होगी। जनता ने उन्हें नकार कर मुझे विधायक बनाया है। यह बात उन्हें हजम नहीं हो पा रही है। जिस कारण अब मुझे बदनाम करने के लिए तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं। जनता सब जानती है। कहा है कि अगर उन्हें जनता की इतनी ही चिंता है तो क्षेत्र का विकास करने में हमारा सहयोग करें, क्योंकि सरकार उनकी है। इस तरह के आरोप व कोर्ट कचहरी कर उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा। विधायक अधिकारी ने कहा फर्त्याल अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं। जनता ने दो बार उन्हें विधायक बनाया पर उन्होंने विकास कार्य करना छोड़ व्यक्तिगत राग द्वेस में अपना ध्यान लगाया और क्षेत्र का कुछ भी विकास नहीं किया। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे। उन्होंने कहा जनता का आशीर्वाद उनके साथ है।

Ad