लोहाघाट बनेगा उत्तराखंड का खेल हब : हेमराज बिष्ट
राज्य खेल परिषद उपाध्यक्ष ने किया लोहाघाट स्टेडियम एवं बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण
लोहाघाट/चम्पावत। उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट ने सोमवार को छमनिया चौड़ स्थित निर्माणाधीन स्टेडियम और बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उपाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक खिलाड़ी हितैषी योजनाओं से प्रदेश के युवाओं का रुझान अब तेजी से खेलों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा ‘उत्तराखंड अब केवल सैन्य भूमि ही नहीं, बल्कि खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।’

हेमराज बिष्ट ने निर्माणाधीन स्टेडियम की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कहा कि कहीं भी निर्माण कार्य में त्रुटियां ना हों व कार्य पूर्ण गुणवत्ता से पूरा किया जाए। उन्होंने ट्रैक निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बिष्ट ने बताया कि लोहाघाट में बन रहा प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज मुख्यमंत्री धामी सरकार की ऐतिहासिक पहल है। इस कॉलेज के निर्माण के बाद राज्य की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनकर उभरेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ‘खेलो इंडिया’ के सभी खेल कार्यक्रम लोहाघाट स्पोर्ट्स स्टेडियम से संचालित किए जाएंगे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सुभाष बगौली, गिरीश कुवंर, मनमोहन डांगी, विनोद बगौली, दीपक गोस्वामी सहित अन्य मौजूद रहे।

