उत्तराखण्डनवीनतम

विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेस नेता हरीश पनेरू ने दे डाली आत्मदाह की चेतावनी, जानें फैक्ट्री गेट पर क्यों हुआ बवाल

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। अशोका लीलैंड कंपनी पंतनगर से बाहर किए गए डिप्लोमाधारी श्रमिकों ने फैक्ट्री गेट पर जम कर प्रदर्शन किया। समर्थन में पहुंचे हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेसी नेता हरीश पनेरू ने स्थाई नियुक्ति की मांग ना मानने पर आत्मदाह की चेतावनी दे दी। लगभग दो घंटे के बबाल के बाद फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा वार्ता अधिकारियों से की गई। एसडीएम के आश्वासन के बाद श्रमिक प्रदर्शन से हटे। इस दौरान आत्मदाह की धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मचा रहा। पंतनगर सिडकुल की अशोका लीलैंड कंपनी द्वारा साढ़े चार साल के डिप्लोमा करने के बाद सैकड़ों कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया था। पिछले डेढ़ साल से बाहर किए गए श्रमिक फैक्ट्री में स्थाई नियुक्ति की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।


श्रमिक कई बार फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन ना ही फैक्ट्री प्रबंधन और ना ही प्रशासन श्रमिकों की सुध ले रहा था। शनिवार को हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेस नेता हरीश पनेरू अशोका लीलैंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री के बाहर जम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद एचआर मौके पर पहुंचे और मैनेजमेंट से वार्ता कर अग्रिम कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिससे वहां पर मौजूद श्रमिक और विधायक आग बबूला हो गए। उन्होंने मौके पर कपड़े उतार कर आत्मदाह करने की घोषणा कर दी। जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी सीटी मनोज कत्याल सहित एसडीएम प्रत्युष सिंह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया गया। हाईबोल्टेज ड्रामे के बाद फैक्ट्री प्रबंधक वार्ता के लिए राजी हुए। करीब चार घंटे तक हुए हंगामे के बाद युवाओं का गुस्सा शांत कराने के लिए जिला प्रशासन ने 10 दिन का समय मांगकर समस्या सुलझाने का आश्वासन दिया।

10 दिन में समाधान नहीं हुआ तो कंपनी के आगे होगा उग्र आंदोलन
रुद्रपुर। यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने कहा की अगर जिला प्र्रशासन की ओर से 10 दिन के अंदर मामले का समाधान नहीं किया गया तो कंपनी के आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर बढ़ती जा रही है। इससे बचाने के लिए युवाओं को स्थायी नौकरी देकर फर्जी डिप्लोमा देने वालों को सजा होनी चाहिए।

चार साल काम करने के बावजूद एक-दो साल का मिला डिप्लोमा
रुद्रपुर। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने मुक्त विश्वविद्यालय पर आरोप लगाया कि उसके औद्योगिक प्रशिक्षण सहयोगी संस्थान अशोक लीलैंड में उनसे चार साल तक काम करवाया गया, लेकिन किसी को दो साल तो किसी को एक साल का डिप्लोमा दिया गया। सिडकुल की अन्य कंपनियों ने इस डिप्लोमा को फर्जी बताया है।

युवाओं के भविष्य का सवाल है। इसलिए जिन मामलों में जांच करनी पड़े तो की जाएगी। 10 दिन के समय में युवाओं की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। प्रत्यूष सिंह, एसडीएम, रुद्रपुर