नैनीताल दुष्कर्म केस: हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच झड़प, प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की, जानिए ताजा अपडेट
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल शहर में 12 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। हालांकि, पुलिस 65 साल के आरोपी मो. उस्मान को गिरफ्तार कर जेल भी भेज चुकी है, फिर भी लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा। शुक्रवार 2 मई को नैनीताल पहुंचे हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महासचिव आचार्य डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने इस घटना का विरोध किया। इस दौरान सच्चिदानंद और उनके समर्थकों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की व झड़प भी हुई।
बताया जा रहा है कि सच्चिदानंद अपने समर्थकों के साथ दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल पर जाने की जिद कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें ऐसा नहीं करने दे रही थी। इसी वजह से पुलिस और सच्चिदानंद के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी धक्का-मुक्की में सच्चिदानंद सड़क पर गिर भी गए थे, जिस कारण उनको हल्की चोट भी आई है। सच्चिदानंद ने कहा कि 12 साल की बच्ची के साथ ऐसी घटना सुनकर उनका मन काफी दु:खी हुआ। इसलिए वो कश्मीर से सीधे नैनीताल इस घटना का विरोध करने पहुंचे हैं। अब भारत से बाहरी लोगों को निकालने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि, पहले इन लोगों ने कश्मीर में बढ़ते पर्यटन के कारोबार को कम करने का प्रयास किया, अब ये लोग इसी तरह का प्रयास उत्तराखंड में भी करना चाहते हैं।

सच्चिदानंद ने कहा कि, भगवान श्री राम ने हमें मर्यादा में रहना सिखाया। अब हम इन लोगों को मर्यादा में रहना सिखाएंगे। अब पूरे भारत को शुद्ध करने का समय आ गया है। उनकी यात्रा कश्मीर के श्रीनगर से शुरू होकर नैनीताल पहुंची है। अब संत समाज मंदिर में बैठकर घंटी नहीं बजाएगा, बल्कि सड़कों पर आकर अपने हिंदुओं को जागृत करने का काम करेगा। नैनीताल में जिस बच्ची के साथ घटना हुई है, उसके भरण पोषण की जिम्मेदारी संत समाज उठाएगा। पढ़ाई का खर्चा संत समाज देगा।

बता दें कि, 30 अप्रैल रात को नैनीताल शहर में 12 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया था, जिससे बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया था। लोगों ने नैनीताल शहर में तोड़फोड़ भी की। कल एक मई को नैनीताल शहर बंद भी रखा गया था। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम धामी ने आज देहरादून में हाई लेवल बैठक भी की। साथ ही हल्द्वानी और नैनीताल शहर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने कहा कि नैनीताल का माहौल शांतिपूर्ण है।
