उत्तराखण्डचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नवीन पंत ‘शैलेश मटियानी पुरस्कार’ से होंगे सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए प्रदेश के 19 शिक्षकों का हुआ है चयन

चम्पावत। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए नवीन चंद्र पंत को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उनके समर्पण, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया जाएगा। 20 वर्षों से शिक्षक के रूप में कार्यरत नवीन पंत ने अपने शिक्षण कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय प्रयास किया है। उनके गणित पढ़ाने की शैली सरल और प्रभावशाली है।

Ad Ad

प्रत्येक वर्ष शीतावकाश में बोर्ड परिक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त गणित की कक्षाओं का संचालन करने से विद्यालय के बोर्ड परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा दो विद्यार्थियों ने राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। एक विद्यार्थी ने गणित में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त श्री पंत द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया है जिसके परिणाम स्वरूप रेड रिबन क्लब क्विज प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने प्रदेश स्तर पर तृतीय तथा विद्यार्थियों ने इंस्पायर अवार्ड मानक तथा राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाग किया है। उनकी समर्पण को देखते हुए इन्हें वर्ष 2016 से ब्लॉक विज्ञान समन्वयक चम्पावत, 2022 से राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला समन्वयक तथा वर्ष 2025 से जिला विज्ञान समन्वयक का दायित्व प्रदान किया गया है।

छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने तथा समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में योगदान के लिए यूसर्क उत्तराखंड के द्वारा इन्हें उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया है । ये भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव तथा राष्ट्रीय शिक्षक विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभाग कर चुके हैं और समाज में पढ़ने लिखने की सोच विकसित करने तथा विज्ञान संचारक के रूप में निरंतर कार्य कर रहे हैं। नवीन पन्त रेडक्रास के आजीवन सदस्य हैं तथा कोरोना काल में जूनियर रैडक्रास की गतिविधियों के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।

शिक्षण के बाद इनका सारा समय कुमाऊनी संस्कृति एवं भाषा के संवर्धन हेतु कार्य करने तथा लेखन में व्यतीत होता है। कुमाऊनी भाषा सम्मेलन, कुमाऊनी साक्षात्कार, होली तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में इनकी उल्लेखनीय भूमिका रहती है। शिक्षक नवीन पन्त एक कवि, क्विज मास्टर तथा बेहतरीन मंच संचालक भी हैं। इन्होंने ‘सुमेधा’ तथा ‘न्योली कलम’ पत्रिका का सम्पादन किया और कई पत्रिकाओं में लेख लिखे हैं। इनके दो साझा काव्य संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं।
विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर विशेष उत्साह है। प्रधानाध्यापक अजय कुमार रावत ने कहा कि नवीन पन्त हमेशा से ही अपने कार्य के प्रति ईमानदार और समर्पित रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई नवाचार किए, जैसे स्मार्ट क्लास का संचालन, गणित कार्यशाला का आयोजन, शीतावकाश में गणित की अतिरिक्त कक्षाएं, छात्र संसद, आनलाईन गतिविधियों का संचालन, रेडक्रास गतिविधियां और व्यक्तिगत मार्गदर्शन। जिससे विद्यालय का शैक्षिक स्तर भी ऊंचा उठा।
गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रतिवर्ष स्वयं छात्रवृत्ति प्रदान करते हैं। नवीन पन्त ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है और यह उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यार्थियों, सहकर्मियों और परिवार को दिया।

प्रदेश में शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025 के लिए 19 शिक्षकों का चयन किया गया है। शासन ने चयनित शिक्षकों के नाम की सूची जारी की है। जिसमें प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक के छह और प्रशिक्षण संस्थान से एक शिक्षक का नाम शामिल है।

शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने जारी आदेश में कहा, राज्य में शिक्षा के उन्नयन एवं गुणात्मक सुधार के लिए उत्कृष्ट कार्य पर यह पुरस्कार दिया जाता है। राज्य चयन समिति की बैठक की सिफारिश पर इन शिक्षकों का चयन किया गया है। विभाग की ओर से बताया गया है कि शिक्षक दिवस पांच सितंबर को इन शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

पुरस्कार के रूप में शिक्षकों को 10 हजार की नकद धनराशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही विभाग में उन्हें दो साल की सेवा का विस्तार मिलेगा। इनके अलावा संस्कृत शिक्षा से भी एक शिक्षक को यह पुरस्कार मिलता है। संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक का चयन किया जा रहा है।

प्रारंभिक शिक्षा से इन शिक्षकों का हुआ चयन

प्रारंभिक शिक्षा में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी रिखणीखाल जिला पौड़ी गढ़वाल के प्रधानाध्यापक विष्णुपाल सिंह नेगी, राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल चोपता नारायणबगड़ जिला चमोली के सहायक अध्यापक लखपत सिंह रावत, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय उदकोटी पुरोला जिला उत्तरकाशी के प्रधानाध्यापक पृथ्वी सिंह रावत, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंडोली अपर जिला देहरादून के सहायक अध्यापक वीरेंद्र सिंह रावत, प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर जिला हरिद्वार के प्रधानाध्यापक रोबिन कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेड़ी भिलंगना जिला टिहरी गढ़वाल के सहायक अध्यापक महेश्वर प्रसाद सेमवाल, प्राथमिक विद्यालय ढौंडिक अगस्त्यमुनि जिला रुद्रप्रयाग के सहायक अध्यापक शशिकांत नौटियाल, प्राथमिक विद्यालय चौड़ाकोट जिला चम्पावत के सहायक अध्यापक जहीर अब्बास, प्राथमिक विद्यालय सरवरखेड़ा द्वितीय जसपुर जिला ऊधमसिंह नगर के सहायक अध्यापक नौ सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय विजयपुर कोटाबाग जिला नैनीताल की सहायक अध्यापिका डॉ. श्वेता मजगाई, राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय मदकोट जिला पिथौरागढ़ के सहायक अध्यापक विक्रम सिंह परिहार, राजकीय जूनियर हाईस्कूल गवाड़ द्वाराहाट जिला अल्मोड़ा के सहायक अध्यापक त्रिलोक सिंह अधिकारी का चयन शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए किया गया है।

माध्यमिक शिक्षा से इन शिक्षकों का हुआ चयन

माध्यमिक शिक्षा में राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर पाबौं जिला पौड़ी गढ़वाल में प्रवक्ता नरेंद्र सिंह नेगी, जीजीआईसी गौचर जिला चमोली में प्रवक्ता डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, जीआईसी भगवानपुर धारकोट जिला देहरादून के प्रधानाचार्य डॉ.अतुल कुमार श्रीवास्तव, जीजीआईसी गुलाबशाहपीर जिला हरिद्वार की प्रधानाचार्य कमलेश पंवार, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सौ जिला चंपावत के सहायक अध्यापक नवीन चंद्र पंत, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय जिला नैनीताल के प्रधानाचार्य विशन सिंह मेहता का शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। जबकि प्रशिक्षण संस्थान से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट जिला उत्तरकाशी के प्रवक्ता डॉ.सुबोध सिंह बिष्ट का चयन हुआ है।

Ad Ad