UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा की नई तारीख घोषित, पेपर लीक के चलते रद्द हुआ था एग्जाम
देहरादून। उत्तराखंड में स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर आयोग ने नई तारीख की घोषणा कर दी है। पूर्व में यह परीक्षा रद्द हो चुकी है और इसके बाद से ही युवाओं को परीक्षा के लिए नई तारीख का इंतजार था। खास बात यह है कि स्नातक स्तरीय परीक्षा को पेपर लीक होने के चलते रद्द किया गया था। ऐसे में आयोग ने फिर से इस परीक्षा को करने के लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद नई तारीख तय की है।
दरअसल 21 सितंबर 2025 को प्रदेश में स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान ही प्रश्न पत्र के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इस घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। मामला बढ़ता देख सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और आखिरकार परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री को भी सामने आना पड़ा था और मामले की जांच के लिए सीबीआई जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद से ही अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा तिथि को लेकर असमंजस बना हुआ था। युवा लगातार मांग कर रहे थे कि जल्द से जल्द नई तारीख घोषित की जाए, ताकि उनकी तैयारी बेकार न जाए।
अब 3 व 17 मई को होगी स्नातक स्तरीय परीक्षा
अब आयोग ने इस दिशा में कदम उठाते हुए नई तारीखों की घोषणा कर दी है। तकनीकी पदों के लिए परीक्षा 3 मई को आयोजित की जाएगी, जबकि अन्य पदों के लिए 17 मई की तारीख तय की गई है। इस बार परीक्षा को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा टैब आधारित (CBT मोड) में आयोजित की जाएगी, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की संभावना को काफी हद तक रोका जा सके। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 57 पदों को भरा जाना है। इन पदों के लिए कुल 5,872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। दिलचस्प बात यह है कि सबसे अधिक आवेदन तकनीशियन और सर्वेयर पदों के लिए आए हैं, जिससे इन पदों पर सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
आयोग द्वारा नई तारीख घोषित करने से पहले सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों को पूरा किया गया है। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, डिजिटल सुरक्षा और निगरानी तंत्र को पहले से ज्यादा मजबूत किया गया है। इसके अलावा अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।

