चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : जिलाधिकारी की पहल पर बीडीसी सदस्यों का धरना हुआ समाप्त, विकास कार्यों पर बनी सहमति

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त में अनियमित्ताएं बरते जाने, टेंडर में गड़बड़ी, उनकी योजनाओं को कार्ययोजनाओं में शामिल न किए व उनकी अनदेखी किए जाने के विरोध में विकास खंड कार्यालय पर धरने में बैठे बीडीसी सदस्यों ने डीएम की पहल पर धरना समाप्त कर दिया है। डीएम मनीष कुमार ने धरना स्थल पर पहुंच कर बीडीसी सदस्यों से वार्ता की और उनकी शिकायतें सुनीं। साथ ही उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने धरना स्थल पर बीडीसी सदस्यों के साथ बैठ कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी की ओर से आश्वस्त किए जाने के बाद बीडीसी सदस्यों ने आपसी सहमति से धरना समाप्त करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, लोहाघाट को निर्देशित किया कि उपयोगिता आधारित जनप्रतिनिधियों की कार्य योजनाओं को प्रस्तावों में सम्मिलित किया जाए तथा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की गरिमा बनाए रखते हुए अपनी समस्याएं निर्धारित एवं उपयुक्त मंच पर रखें, जिससे उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी कि क्षेत्र पंचायत से संबंधित सभी प्रस्ताव ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त प्रस्तावों एवं मांगों की व्यवहार्यता एवं उपयोगिता की गहन जांच कर उन्हें आगामी बीडीसी बैठक में प्रस्तुत किया जाए तथा नियमानुसार पारित कराया जाए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को अविलंब बीडीसी बैठक आयोजित कर सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, खंड विकास अधिकारी कविन्द्र रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad