चम्पावत में साढ़े छह घंटे गुल रही बिजली, लोगों को झेलनी पड़ीं दुश्वारियां
चम्पावत। चम्पावत जिला मुख्यालय की बिजली बुधवार को करीब साढ़े छह घंटे गुल रही। कड़ाके ठंड के बीच अघोषित बिजली कटौती से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साइबर कैफे सहित बिजली आधारित कारोबारी प्रतिष्ठानों व सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। चम्पावत क्षेत्र में आज बुधवार को साढ़े छह घंटे पावर कट रहा। सुबह 10.30 बजे बिजली ठप हुई। इसके चलते नागरिकों, कारोबारियों और अन्य लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। सरकारी कार्यालयों में भी काम पर असर पड़ा। बिजली की आपूर्ति शाम करीब पांच बजे सुचारू हो सकी। यूपीसीएल के उप खंड अधिकारी संजय भंडारी ने बताया कि लोहाघाट के डैसली में निर्माणाधीन 132 केवी के बिजली घर का काम फाइनल स्टेज में है। यहां पिटकुल ने आज तार खींचने का काम किया। डैसली बिजली घर के लिए जा रही 132 केवी लाइन के नीचे चम्पावत को आपूर्ति करने वाली 33 केवी की लाइन थी। इस कारण चम्पावत क्षेत्र की पावर कट करनी पड़ी। शाम 5 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई। अलबत्ता लोहाघाट, पाटी और बाराकोट क्षेत्र की आपूर्ति सामान्य थी।

