पिकअप जीप खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, चालक गंभीर

अल्मोड़ा जनपद में हुए सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। वाहन चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। एक व्यक्ति ने वाहन से कूद कर अपनी जान बचा ली। हादसा भिकियासैंण तहसील अतंर्गत दल्मोड़ी बघाण़ मोटर मार्ग पर खौ ढैय्या के पास हुआ है।
जानकारी के अनुसार पिकअप जीप यूके04सीए/4761 दल्मोड़ी बघाड़ मोटर मार्ग पर खौ ढैय्या के पास लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने पिकअप में सवार सभी लोगों को वहां से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिक्यासैंण पहुंचाया। डाक्टरों ने ग्राम बघाण निवासी 40 वर्षीय मोहनी देवी पत्नी कृपाल सिंह और 65 वर्षीय यशोदा देवी पत्नी कुंदन सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पिकअप चला रहे 28 वर्षीय कुंवर सिंह पुत्र लाल सिंह का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वाहन में सवार 45 वर्षीय जोगा सिंह ने हादसे के दौरान वाहन से कूद मार दी थी और उसकी जान बच गई। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नही हैं। तहसीलदार निशा रानी ने कहा है कि पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम किया जा रहा है। उन्होंने हादसे के कारण के बारे में जांच के बाद ही कुछ कहे जाने की बात कही।
