शारदा नदी में आत्महत्या करने को कूदी महिला को पुलिस ने बचाया


टनकपुर। पुलिस ने आत्महत्या करने के लिए शारदा नदी में कूदी महिला को सकुशल बचा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अबदला थाना सिरूडवा जिला बरेली उत्तर प्रदेश निवासी एक 26 वर्षीय महिला शारदा घाट में किराए पर रहती है। उसका पति दिहाड़ी मजदूर है। आए दिन पत्नी से झगड़ा करता रहता है। शनिवार को भी दोनों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आपसी झगड़े से परेशान होकर रात्रि 9:30 बजे महिला ने आत्महत्या करने के इरादे से शारदा नदी में छलांग लगा दी। शारदा नदी के तेज बहाव में महिला करीब 300 मीटर दूर तक बह चुकी थी। सूचना मिलते ही जल पुलिस के जवानों और स्थानीय लोगों द्वारा रेस्क्यू कर महिला को सकुशल बाहर निकाला गया तथा 108 एंबुलेंस के माध्यम से संयुक्त चिकित्सालय में लाया गया। चिकित्सकीय उपचार के बाद महिला के परिजनों को बुलाकर थाना टनकपुर पुलिस द्वारा काउंसलिंग कर महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस जवानों द्वारा रात के अंधेरे में शारदा नदी के तेज बहाव से महिला को सकुशल बचाए जाने पर महिला के परिजनों एवं स्थानीय लोगों पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा आभार प्रकट किया गया। रेस्क्यू टीम में जल पुलिस के गोताखोर रविंद्र कुमार पहलवान, गौरव दुर्गापाल, स्थानीय निवासी सूरज शर्मा, बाबू कश्यप, रंजीत शर्मा शामिल रहे।


