नवीनतम

प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और एफआईआर के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है

ख़बर शेयर करें -

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस हिरासत में 24 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है। प्रियंका गांधी की रिहाई के लिए सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस समर्थकों का विरोध जारी है। आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर हमला किया है। उन्होंने लिखा- नरेन्द्र मोदी जी आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों? आपको बता दें कि रविवार को तड़के प्रियंका गांधी को सीतापुर पुलिस ने हिरासत में लिया था। उसके बाद से अब तक प्रियंका गांधी पुलिस की हिरासत में ही हैं। उन्हें अभी तक रिहा नहीं किया गया है। उनकी रिहाई के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस के गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि लखनऊ से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार रात कार से सीतापुर के रास्ते लखीमपुर के लिए निकलीं थीं। पुलिस की घेराबंदी को चकमा देने के लिए वे कार की पीछे वाली सीट के नीचे छिपकर जा रही थीं। इस बात का खुलासा हरगांव में कार की चेकिंग के दौरान हुआ। पुलिस सूत्रों की माने तो सीट के नीचे प्रियंका गांधी बैठी थीं। लखनऊ से प्रियंका गांधी के निकलने के बाद राजधानी से जिले के डीएम व एसपी को फरमान सुनाया गया कि किसी भी कीमत पर कांग्रेस महासचिव को लखीमपुर नहीं जाने दिया जाए। राजधानी से फरमान आते ही डीएम-एसपी अलर्ट मोड पर आ गए। अटरिया से लेकर लहरपुर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया। मामले की नजाकत को देखते हुए प्रियंका गांधी ने रूट ही बदल दिया। इसकी सूचना मिलते ही डीएम-एसपी के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस पूरी ताकत से प्रियंका गांधी को पकड़ने के लिए घेराबंदी करने लगी। आखिर में हरगांव में उन्हें रोक लिया गया था।