चम्पावत : जनता मिलन कार्यक्रम में सुनी गईं जन समस्याएं, 93 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

चम्पावत। जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं विकास से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान कुल 93 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अन्य मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




जिलाधिकारी ने विगत सप्ताह आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को विभागीय कार्यवाही की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम के दौरान ग्राम ढकना की नारायणी देवी द्वारा अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किए जाने की मांग रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से पूर्व में की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रार्थी को शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खेतीखान की पुष्पा ओली ने अपने पुत्र के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा समाज कल्याण अधिकारी को प्रमाण पत्र संबंधी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम कांडा दुधपोखरा की भावना देवी द्वारा पेयजल समस्या की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम को क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
नायकगोठ (टनकपुर) की कमला पंत द्वारा बीपीएल राशन कार्ड बनवाने की मांग पर जिला पूर्ति अधिकारी को प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्राम बुडम ककनई की नेहा द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम कानीकोट के दीपक सिंह द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर उरेडा विभाग को क्षेत्र में सोलर लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम दुबड़ जैनल के दिलीप सिंह महर ने जंगली जानवरों से बागवानी को हो रहे नुकसान के संबंध में चैन लिंक फेंसिंग लगाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी को फेंसिंग संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्राम सिलाड़ सुखीढांग के संजय द्वारा आधार कार्ड बनाने/सुधारीकरण की मांग पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्रार्थी की समस्या को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। ग्राम डुंगरा (पाटी) के प्रदीप राम द्वारा अपने बच्चे के लिए प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त ग्राम हरम के कमल सिंह द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाले मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मार्ग के सुधारीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त नवीन सिंह, सुमन, छोटे लाल, ईश्वरी देवी, प्रकाश नरियाल, बसंती देवी, रमेश राम, सूरज महर, देवराम, गरिमा भट्ट सहित अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, प्र0 मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

