नवीनतममनोरंजन

अकेले नहीं हैं राजपाल यादव! सलमान खान करेंगे ‘छोटा डॉन’ की मदद, अजय-वरुण ने भी थामा एक्टर का हाथ

ख़बर शेयर करें -

राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आई फिल्म इंडस्ट्री, 12 फरवरी को जमानत के लिए होगी सुनवाई, सलमान से अजय तक इन सितारों ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ

एंटरटेनमेंट डेस्क। 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में फंसे राजपाल यादव ने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। उन्होंने सरेंडर करने से पहले कोर्ट में एक भावुक करने वाला बयान दिया था। राजपाल यादव ने कहा था, “सर मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं, कोई उपाय नहीं दिख रहा है। यहां हम सब अकेले हैं, मुझे इस प्रॉब्लम से खुद ही निपटना है।”

राजपाल यादव के इस बयान के वायरल होने के बाद सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए थे। अब बॉलीवुड में सलमान से लेकर वरुण तक सितारों ने ये साबित कर दिया है कि इस मुश्किल घड़ी में राजपाल यादव अकेले नहीं हैं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने ये खुलासा किया है कि इंडस्ट्री के कई बड़े नामचीन लोग मदद के लिए आगे आए हैं। मैनेजर ने कहा है कि “राजपाल यादव की मदद करने के लिए कई लोगों ने मुझसे संपर्क किया है। सोनू सूद से लेकर सलमान खान और अजय देवगन ने उनका समर्थन किया है। मेरी अभी डेविड धवन से बात हुई है। रतन नैन, वरुण धवन सहित कई सितारे इस मुसीबत की घड़ी में मदद के लिए आगे आए हैं, जिसके लिए राजपाल यादव बहुत आभारी हैं।”

मैनेजर गोल्डी ने यह भी बताया कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री राजपाल यादव के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी ने मदद करने का वादा किया है, लेकिन ये चीजें एक रात में नहीं होतीं।” मैनेजर गोल्डी ने उम्मीद जताई है कि राजपाल यादव को जल्द ही जमानत मिल जाएगी। उन्होंने कहा, “उनकी जमानत को लेकर कल (12 फरवरी) को सुनवाई होगी। हम बस उम्मीद कर रहे हैं कि कल उन्हें बेल मिल जाए। जमानत के लिए एप्लिकेशन हम फाइल कर चुके हैं। इससे ज्यादा डिटेल्स कल की सुनवाई के बाद ही शेयर कर पाएंगे।” राजपाल यादव की इस मुश्किल घड़ी में न सिर्फ सितारे, बल्कि उनके फैंस भी साथ खड़े हैं। उनके फैंस ने ‘अता-पता लापता’ की री-रिलीज की डिमांड की है।