टनकपुर की समृद्धि दिल्ली में हुई सम्मानित, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रमाण पत्र व पुरस्कार की राशि का चेक प्रदान किया

टनकपुर। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टनकपुर की छात्रा समृद्धि अग्रवाल को सम्मानित किया। समृद्धि भारत सरकार के 2.0 वीरगाथा प्रोजेक्ट पुरस्कार की विजेता हैं। वह पुरस्कार प्राप्त कर लौट आई हैं। दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समृद्धि को प्रमाण पत्र और दस हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समृद्धि को बधाई दी है। खटीमा के नोजगे पब्लिक स्कूल की छात्रा सर्राफा व्यवसायी दर्पण अग्रवाल की पुत्री समृद्धि रक्षा मंत्रालय की वीरगाथा प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में राज्य की पहली छात्रा विजेता बनी हैं। समृद्धि ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के 15 हजार स्कूलों के करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से 25 प्रतिभागी विजेता बने। समृद्धि की सफलता पर पिता एवं मां मोनिका अग्रवाल के अलावा वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, शिवराज सिंह कठायत, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, लक्ष्मी पांडेय, पूर्व जिपं सदस्य विमला सजवान, रोहताश अग्रवाल आदि ने खुशी जताई है।


