देशनवीनतम

संजय अरोड़ा होंगे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर

ख़बर शेयर करें -

नई दिल्ली। तमिलनाडु कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा दिल्ली पुलिस के नये कमिश्नर होंगे। रविवार को गृह मंत्रालय ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया है। संजय अरोड़ा 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से आज रविवार को राकेश अस्थाना सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इससे पहले शनिवार को दिनभर राकेश अस्थाना को छह महीने का एक्सटेंशन मिलने की चर्चाएं होती रहीं।
बीएसएफ के डीजी रहे राकेश अस्थाना 31 जुलाई 2021 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। ऐसे में सेवानिवृत्ति से महज चार दिन पहले उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। इसके साथ ही उन्हें एक साल का सेवा विस्तार भी दिया गया था। दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद उन्होंने 29 जुलाई 2021 को संभाला था। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के रूप में उनका आखिरी वर्किंग डे था। 31 जुलाई को शाम चार बजे उनके सेवानिवृत्त होने वाले कार्यक्रम के लिए परेड होगी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर रहते हुए बीते एक साल में कई महत्वपूर्ण कार्य राकेश अस्थाना द्वारा किये गए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस की पीसीआर को थाने के साथ मर्ज कर वहां पुलिसकर्मियों की संख्या को बढ़ाया। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को पदोन्नति मिली है। इसके अलावा अपराध को काबू पाने के लिए भी उनके द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

Ad