नहीं रहे महाभारत के ‘शकुनि मामा’, अभिनेता गूफी पेंटल ने 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

टीवी दुनिया के सबसे सफलतम सीरियलों में से एक ‘महाभारत’ में शकुनी मामा का किरदार निभाने वाले अभिनेता गूफी पेंटल नहीं रहे। इसी के साथ एक और दिग्गज कलाकार ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वे अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। उनके निधन की खबर से पूरे सिनेमा जगत में शोक का माहौल है।

बीआर चोपड़ा के मशहूर ऐतिहासिक शो ‘महाभारत’ को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। इस शो के हर किरदार ने फैंस के दिल में अपनी बेहद अहम जगह बनाई थी। इन कलाकारों में गूफी पेंटल का नाम भी शामिल है। गूफी पेंटल ने शो में शकुनि मामा का किरदार निभाया था। आज भी जब भी शकुनि मामा के अभिनय की बात की जाती है, उसमें गूफी पेंटल का नाम जरूर लिया जाता है।
पिछले काफी टाइम से उनकी सेहत खराब चल रही थी। अब इसी बीच गूफी पेंटल के भतीजे हितेन ने एक मीडिया संस्थान को जानकारी देते हुए बताया कि उम्र संबंधी कई बीमारियों जूझ रहे गूफी पेंटल का हृदय गति रुक जाने से हुआ निधन हुआ है। अब यह खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है और फैंस समेत सिनेमा जगत के कई सितारे अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। गूफी पेंटल का अंतिम संस्कार शाम को चार बजे किया जाएगा। गूफी के करियर की बात करें तो एक्टर 1980 के दशक में हिंदी फिल्मों के अलावा कुछ टीवी धारावाहिकों में नजर आए थे। बता दें कि एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले वो इंजीनियर थे। गूफी को पहचान बीआर चोपड़ा के सीरियल महाभारत से मिली। इस शो में उन्होंने शकुनि मामा का किरदार निभाया था।
