लोहाघाट : 36वीं बटालियन को 800 किलो जिंदा मुर्गियों की सप्लाई
चम्पावत। जनपद में स्थानीय आजीविका सुदृढ़ करने और पशुपालकों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा पशुपालन विभाग के मध्य हुए एमओयू का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस समन्वित प्रयास के अंतर्गत स्थानीय पशुपालकों द्वारा लगभग 800 किलोग्राम जिंदा मुर्गियों की आपूर्ति आईटीबीपी 36वीं बटालियन, लोहाघाट को सफलतापूर्वक की गई। यह आपूर्ति रैगड़ू (रेगडू) क्षेत्र के पशुपालक अजय सिंह एवं जीवंती देवी द्वारा की गई, जिन्होंने स्थानीय स्तर पर मुर्गीपालन को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाते हुए इस अवसर का लाभ उठाया। इस पहल से न केवल उनके उत्पादों को सुनिश्चित खपत का माध्यम मिला, बल्कि अन्य ग्रामीण पशुपालकों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत हुआ है। पशुपालन विभाग द्वारा आईटीबीपी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को संस्थागत बाजार से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

