चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : पढ़ाई के साथ टैंट हाउस के काम में भाई का हाथ बंटाता था सूरज

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। उधमसिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र के चकरपुर में हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार सूरज जोशी पढ़ाई के साथ ही टैंट हाउस के काम में भाई का हाथ बंटाता था। सूरज की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इधर दुर्घटना में घायल दूसरे बाइक सवार युवक पवन बिष्ट को भोजीपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार देर सायं चम्पावत टीआरसी के समीप रहने वाले 19 वर्षीय युवक सूरज जोशी की चकरपुर में बाइक हादसे में मौत हो गई। सूरज जोशी के पिता भवानी दत्त जोशी कैटरिंग का काम करते हैं। बीते कुछ समय से भवानी दत्त जोशी के कारोबार को उनके बड़े बेटे शंकर जोशी ने संभाल लिया था।

सूरज इस वर्ष बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के साथ ही वह बड़े भाई के साथ मिल कर पिता द्वारा स्थापित जोशी टैंट हाउस के काम को आगे बढ़ाने के काम में लगा हुआ था। इन दिनों शादी का सीजन है। इस वजह से दोनों भाइयों की व्यस्तता भी बढ़ गई थी। शंकर जोशी ने बताया कि इसी को देखते हुए सूरज कैटरिंग से संबंधित नया सामान लेने के लिए अपने मित्र पवन के साथ 28 अप्रैल को बाइक से बरेली गया था। 29 अप्रैल को बरेली से वापस आते समय चकरपुर में सूरज की बाइक और ट्रक में भिड़ंत हो गई। जिसमें सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त स्टेशन बाजार निवासी पवन बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं सूरज की हादसे में मौत की खबर मिलते ही तमाम लोग उसके आवास पर शोक व्यक्त करने के साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए पहुंचे।

Ad Ad

मल्लाड़ेश्वर में किया अंतिम संस्कार

चम्पावत। हादसे में मारे गए सूरज जोशी का बुधवार को गमगीन माहौल में मल्लाड़ेश्वर में अंतिम संस्कार किया गया। सूरज का परिवार मूल रूप से चम्पावत से करीब आठ किमी दूर तामली रोड में ज्याड़ा बरदोली गांव का रहने वाला है। परिवार में सूरज सबसे छोटा था। इस वजह से वह सबका लाडला भी था। सूरज की तीन बड़ी बहनें और एक भाई है। सूरज की सबसे बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। हादसे के बाद सूरज के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Ad Ad