टनकपुर : भालू ने हमला कर महिला को किया घायल

टनकपुर। शनिवार को क्षेत्र के ग्राम छीनीगोठ की एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गई। साथी महिलाओं की ओर से दरांती से वार किए जाने और शोर मचाने पर भालू मौके से भागा। महिला को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार छीनीगोठ निवासी 50 वर्षीय राधा देवी पत्नी प्रेम सिंह सामंत गांव की ही चार अन्य महिलाओं के साथ घास काटने पास के ही कलोनिया जंगल गई थी। तभी अचानक महिला पर पीछे से भालू ने हमला कर दिया। भयभीत होकर महिला जमीन में जा गिरी। इस पर भालू ने महिला के पैर में हमला कर दिया। शोर मचाने पर पास में ही मौजूद अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। महिला ने दरातीं से भालू पर वार किया। वहीं अन्य महिलाओं जोर से शोर मचाया। जिससे भालू जंगल की ओर भाग गया। महिलाओं ने घायल महिला को तुरंत उपजिला अस्पताल पहुंचाया। डॉ़. उमर ने बताया कि महिला के पैर में जख्म हुआ है। जिसका उपचार जारी है।
