टनकपुर : हाईवे पर खड़े कैंटर से कार टकराई, कार सवार छह लोग हुए घायल

टनकपुर। टनकपुर-बनबसा हाईवे में एक कार अनियंत्रित होकर बिचई के पास खड़े कैंटर से जा टकराई। हादसे में बनबसा निवासी कार सवार छह लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात टनकपुर-बनबसा हाईवे पर कार संख्या यूके03टीए/1608 अनियंत्रित होकर बिचई के पास खड़े कैंटर संख्या यूके18सीए/5400 से जा टकराई। हादसे में 65 वर्षीय किरन देवी पत्नी स्व. किशन सिंह, 20 वर्षीय नीरज सिंह पुत्र जयमल सिंह, 18 वर्षीय सागर सिंह पुत्र भरत सिंह, 19 वर्षीय महेश सिंह पुत्र उत्तम सिंह, 28 वर्षीय मदन सिंह पुत्र स्व. कृष्ण सिंह और 23 वर्षीय राधा देवी पत्नी मदन सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। सभी चंद फार्म, बनबसा के रहने वाले हैं। घायलों को वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जबकि वाहन चालक मौके पर से फरार हो गया। डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि दो घायलों मदन सिंह और महेश सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाकि अन्य घायल सुरक्षित हैं। सभी घायल पिथौरागढ़ से पूजा करके लौट रहे थे। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि घायलों के परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है। कार चालक का पता लगाया जा रहा है।
