चंपावतटनकपुरनवीनतमबनबसा

टनकपुर : भारत-नेपाल मैत्री बसें जिस देश में चलेंगी उस देश के नियमों का करना होगा पूर्ण रूप से पालन

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। भारत-नेपाल अन्तर्राष्ट्रीय सीमा बनबसा पर दोनों देशों की बस यूनियनों के मध्य उपजे विवाद को सुलझाये जाने को लेकर दोनों देशों की यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ एसडीएम अशोक जोशी ने बैठक की। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद विवाद को सुलझाते हुए विभिन्न विषयों पर सहमति बनाई गई।

भारत-नेपाल सीमा पर संचालित बसों में ओवरलोडिंग व नियम विरुद्ध कार्य होने की शिकायतें प्रशासन को लगातार मिल रही थीं। पिछले दिनों पुलिस ने नेपाल की एक बस को ओवरलोडिंग में सीज भी किया था। इसको लेकर दोनों देशों की बस यूनियनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया है। जिसके समाधान को लेकर आज तहसील परिसर में एसडीएम आकाश जोशी की अध्यक्षता में दोनों देशों की यूनियनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। एसडीएम जोशी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर लंबे समय से भारत नेपाल मैत्री एवं अन्य टूर ऑपरेटर द्वारा बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों में ओवरलो​ड की शिकायतें मिल रही थीं। वहीं नेपाल की बसों के पीछे ऐसे नक्शे लगाए गए थे, जिससे भारत की संप्रभुता अखंडता पर सवाल खड़े हो रहे थे। बताया कि बैठक में स्पष्ट कर दिया गया है कि भारत में संचालित हो रही बसों को भारत के नियमानुसार संचालित किया जाएगा, अगर नियम के विरुद्ध कोई भी कार्रवाई या ऐसे नक्शे लगाए जाते हैं तो उन सभी बसों को सीज करते हुए उनके परमिटों को निरस्त किया जाएगा।

बैठक में दोनों देशों की बस यूनियनों के मध्य उपजे विवाद तथा उसके समाधान के विषय में विस्तृत चर्चा की गयी तथा चर्चा के बाद निम्न बिन्दुओं आपसी सहमती बनी-
1- भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के तहत निर्धारित बसों को ही चलाया जायेगा।
2- अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर प्रतिबन्धित सामानों की सूची बसों में लगाई जायेगी।
3- बसों में निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नही बैठाई जाएंगी।
4- निर्धारित बसों में नियमों का पालन नहीं करने या अन्य पर कार्यवाही केवल सम्बन्धित ऐजेन्सियों द्वारा ही की जायेगी। किसी भी दशा में टैक्सी यूनियन/अन्य यूनियनों के व्यक्तियों या प्राईवेट व्यक्तियों द्वारा बसों को नहीं रोका जायेगा।
5- भारत नेपाल मैत्री बसें जिस देश (नेपाल या भारत) में चल रही हैं, उस देश के नियमों का पूर्ण रूप से पालन करेंगी ।

बैठक में सीओ शिवराज सिंह राणा, एआरटीओ सुरेन्द्र कुमार, आरएम रोडवेज नरेंद्र गौतम, उप निरीक्षक अरविंद, रफी अंसारी अध्यक्ष टैक्सी यूनियन बनबसा, आर्यन अग्रवाल सचिव टैक्सी यूनियन बनबसा, डम्मर राज पन्त अध्यक्ष महाकाली यातायात नेपाल, विष्णु प्रसाद कडैल उपाध्यक्ष महाकाली यातायात नेपाल, निरंजन मल अध्यक्ष पवनदूत बस कम्पनी आदि उपस्थित रहे।

एसडीएम टनकपुर आकाश जोशी।
Ad