चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : दीपावली पर घर जा रहे ITBP जवान की टैक्सी में हुई मौत, जानें क्या है पूरा मामला…

Ad
ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। दीपावली की छुट्टी लेकर घर जा रहे ITBP के जवान की टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैक्सी में ही मौत हो गई। जवान हरियाणा का रहने वाला था। वह पिछले दो वर्ष से पिथौरागढ़ के जाजरदेवल में 14वीं वाहिनी ITBP में तैनात था। जवान के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे ससम्मान उसके घर हरियाणा भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक संजय यादव (43) पुत्र रामस्वरूप निवासी रेवाड़ी, हरियाणा आज 18 अक्टूबर को दीपावली की छुट्टी लेकर घर जा रहा था। अपने एक साथी आरक्षी के साथ पिथौरागढ़ से टैक्सी में टनकपुर के लिए निकला। टनकपुर-चम्पावत एनएच पर सिन्याड़ी के पास टैक्सी एक होटल में रुकी। टैक्सी में सवार यात्री खाना खाने के लिए उतर गए, लेकिन जवान संजय यादव अचेत पड़ा रहा। जवान के साथी ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। इससे उसके साथी और यात्री अनहोनी की आशंका से घबरा गए। आनन फानन में जवान को उसी टैक्सी से टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉ. ज्ञानेंद्र यादव ने मृत घोषित कर दिया।

Ad


सूचना के बाद कोतवाल चेतन सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना पिथौरागढ़ 14वीं वाहिनी को दी गई। कुछ देर बाद बनबसा से ITBP के ASI गोविंद राम भी अस्पताल पहुंच गए। जिनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। ITBP के वाहन से तिरंगे में लिपटाकर शव को ससम्मान जवान के घर हरियाणा भेजा गया। डॉ. ज्ञानेंद्र ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से जवान की मौत का अंदेशा है। अलबत्ता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।