टनकपुर : शारदा घाट में पुलिस कर्मियों पर किया पथराव, चार गिरफ्तार

टनकपुर। मां पूर्णागिरि मेले में आए श्रद्धालुओं ने शारदा नदी के तेज बहाव की ओर न जाने की हिदायत देने पर पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी मुरादाबाद जिले के रहने वाले हैं।

वर्तमान में थाना टनकपुर क्षेत्र अंतर्गत मां पूर्णागिरि मेला प्रचलित है। मेले में उत्तराखंड राज्य के अतिरिक्त गैर राज्य उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, बिहार आदि राज्यों से मां पूर्णागिरि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तराखंड पुलिस द्वारा पूर्ण लगन व निष्ठा के साथ ड्यूटी रत रहते हुए सकुशल दर्शन उपरांत उनके गंतव्य को रवाना किया जा रहा है।

मेले के दौरान शारदा स्नान घाट व बूम घाट पर जल पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी पर नियुक्त किया गया है। जिनके द्वारा अब तक मेले के दौरान कई श्रद्धालुओं को रेस्क्यू कर डूबने से बचाया जा चुका है। शनिवार को जल पुलिस में नियुक्त कर्मचारी कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार द्वारा शारदा घाट में स्नान कर रही दो महिलाओं व एक पुरुष को शारदा घाट प्रतिबंधित क्षेत्र में तीव्र प्रवाह होने के कारण स्नान के लिए मना किया गया तो उनके द्वारा आवेश में आकर शारदा घाट में नियुक्त कर्मचारी गण के साथ गाली गलौज मारपीट करते हुए पथराव किया गया। जिसमें कांस्टेबल अर्जुन सिंह के सिर पर चोटें आई हैं। जिनका उपचार चल रहा है। घटना में संलिप्त अभियुक्त गण के विरुद्ध थाना टनकपुर में धारा 332, 353, 504, 336 के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मनोज कुमार पुत्र रामपाल, अशोक पुत्र जगदीश, निशा पत्नी अशोक कुमार व जूली पत्नी मनोज कुमार निवासी अमरपुर थाना बिलारी मुरादाबाद उत्तर प्रदेश हैं।
