टनकपुर : तहसीलदार जगदीश नेगी ने किया गैस एजेंसी का निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत। जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और संभावित कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में आज गुरुवार को विभिन्न तहसीलदार जगदीश नेगी ने गैस एजेंसी का निरीक्षण किया।
गैस एजेंसी का निरीक्षण करने के पीछे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बिना किसी असुविधा के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। टनकपुर गैस एजेंसी पर तहसीलदार जगदीश नेगी के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान तहसीलदार नेगी ने एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में मौजूद सिलेंडरों का मिलान किया। निरीक्षण में स्टॉक की स्थिति संतोषजनक और सही पाई गई। तहसीलदार नेगी ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसीलदार नेगी ने जानकारी देते हुए बताया पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में भी होटल व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के दुरुपयोग को लेकर छापे मार कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार नेगी ने गैस एजेंसी को सख्त चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी सिलेंडरों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

