चंपावतनवीनतमशिक्षा

शिक्षक दिवस : लड़ीधूरा सांस्कृतिक मंच ने 103 वर्षीय शिक्षक अधिकारी को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर चम्पावत जिले के सबसे वयोवृद्ध शिक्षक बाराकोट निवासी 103 वर्षीय प्रहलाद सिंह अधिकारी का उनके घर जाकर माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

शुक्रवार 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नागेंद्र जोशी के नेतृत्व में लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रहलाद सिंह अधिकारी के बाराकोट बाजार स्थित निवास पहुंच कर माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरण किया। नागेंद्र जोशी ने बताया कि बाराकोट में शिक्षा के क्षेत्र में प्रहलाद सिंह अधिकारी का योगदान अद्वितीय रहा है। प्रहलाद सिंह अधिकारी अंग्रेजों की शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर स्वतंत्र भारत की शैक्षणिक व्यवस्था के गवाह रहे हैं। उन्होंने गुलाम भारत में सन 1942 से सरकारी शिक्षक के रूप में अल्मोड़ा से शिक्षण कार्य प्रारंभ किया। वह 1982 में प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्ति हुए। उनके शिष्य रहे 94 वर्षीय एडवोकेट गंगा दत्त जोशी ने दूरभाष पर उन्हें बधाई देते हुए उनके दीर्घ एवं मंगल जीवन की कामना की। इस मौके पर प्रहलाद सिंह अधिकारी के पुत्र सामाजिक कार्यकर्ता महेश सिंह अधिकारी, सदस्य जिला पंचायत फरतोला योगेश जोशी ‘योगी’, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा, देवेंद्र सिंह अधिकारी गोविंद भंडारी मौजूद रहे।