टनकपुरनवीनतम

दीपावली के लिए टनकपुर में आज से लगेंगी अस्थायी दुकानें

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। दीपावली पर्व को लेकर नगर के मुख्य बाजार में आज से अस्थायी दुकानें लगाई जाएंगी। पालिका प्रशासन ने बुधवार को अस्थायी दुकानों के लिए चिह्नीकरण किया। जिस पर लोगों ने ठेली, पटखाट, चारपाई लगाकर जगह घेरी, लेकिन व्यापारियों के विरोध के चलते उप जिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया के निर्देश पर पुलिस और पालिका प्रशासन ने वहां से अस्थायी दुकानें हटवा दी। मंगलवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में 21 अक्टूबर की शाम से दीपावली बाजार लगाना तय किया गया था। पालिका प्रशासन की ओर से दीपावली बाजार के लिए मार्किंग की जा रही थी। जिस पर लघु व्यापारियों ने अपने फड़ ठेले आदि मुख्य मार्ग पर लगाने शुरू कर दिए। जिसके बाद प्रशासन द्वारा उन्हें निर्धारित समय सीमा के पूर्व लगाए जाने पर तत्काल हटाया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष शाहिद हुसैन का कहना है कि दीपावली के चलते वाहनों से सामान अन्य जगह जाता है, लेकिन अभी से दीपावली की अस्थायी दुकानें लगाने से व्यापारियों को नुकसान होगा। इस दौरान ईओ राहुल कुमार सिंह, एसएसआई सुरेंद्र कोरंगा, व्यापारी मोहित गड़कोटी, शहंशाह आदि थे।