मौत बनकर आई टक्कर: मरीज को ले जा रही एंबुलेंस ट्रक से भिड़ी, छह की दर्दनाक मौत
एक एंबुलेंस, जो किसी की जिंदगी बचाने के लिए दौड़ रही थी, खुद मौत का शिकार बन गई। यह दुखद खबर असम के सोनितपुर जिले से सामने आ रही है जहां रविवार रात को हुए भीषण ट्रक एम्बुलेंस हादसे में मरीज समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ढेकियाजुली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर यह भीषण हादसा हुआ। एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिजनों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी और कुछ ही क्षणों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस दुर्घटना में छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में मरीज, उसके साथ जा रहे परिजन और एंबुलेंस स्टाफ के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में फंसे लोगों को निकालना आसान नहीं था। राहत टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिसे बाद में बहाल किया गया। प्रशासन अब इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, दृश्यता की कमी या तकनीकी खामी जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

