क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की हुई सगाई, एक-दूसरे का हाथ थामे स्टेज पर पहुंचे…

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो गई है। लखनऊ के फाइव स्टार होटल सेंट्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव समेत कई वीआईपी की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को रिंग पहनाई। इस खास मौके पर रिंकू और प्रिया खास अंदाज में नजर आए। दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे दिखाई दिए। दोनों की कई मनमोहक तस्वीरें भी सामने आने लगीं हैं।

कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदारों के अलावा करीबी दोस्त भी शामिल हुए। समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आधुनिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। रिंकू और प्रिया एक-दूसरे का हाथ थामे स्टेज पर पहुंचे। सांसद प्रिया सरोज रिंग को पहनते ही भावुक हो गईं। उनके आंसू निकल आए। मेहमानों ने तालियां बजाईं। रिंकू और प्रिया ने कहा कि वे अपने नए सफर को लेकर उत्साहित हैं। वहीं करीब 300 मेहमान इस शाही समारोह का हिस्सा बने।

सगाई में समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, संभल सांसद जियाउर्ररहमान बर्क भी मौजूद रहे। इसके अलावा राजनीतिक और खेल जगत की अन्य हस्तियां भी पहुंचीं। मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए थे। खास मेन्यू तैयार किया गया। बंगाली मिठाइयां रसगुल्ला, काजू पनीर रोल आदि को मेन्यू में जगह दी गई। मेहमानों को रिंकू की पसंद का पनीर टिक्का और मटर मलाई भी परोसा गया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े बंदोबस्त किए गए। विशेष पास के जरिए मेहमानों को एंट्री दी गई। होटल के आसपास प्राइवेट और पुलिस सिक्योरिटी तैनात रही। वीआईपी मेहमानों की सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया। रिंकू और प्रिया इसी साल 18 नवंबर को शादी करेंगे। उनकी शादी का भव्य कार्यक्रम बनारस में हो सकता है। शादी में भी कई हस्तियां शिरकत करेंगी।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रिंकू और प्रिया को सगाई के लिए बधाई दी। मीडिया से बातचीत में कहा कि राजनीति और क्रिकेट अलग-अलग हैं। दोनों परिवार और समाज के लोग बहुत खुश हैं। मैं सभी को बधाई देता हूं। वहीं सपा सांसद और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने कहा कि हमने दोनों को आशीर्वाद दिया। बता दें कि प्रिया सरोज साल 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से जीती थीं। उनके पिता तूफानी सरोज दिग्गज नेता माने जाते हैं। प्रिया सरोज की एक दोस्त के पिता क्रिकेटर रह चुके हैं। उनके जरिए प्रिया सरोज की मुलाकात रिंकू से हुई थी। इसके बाद दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया था।

