चम्पावत : सिद्ध नरसिंह मंदिर सौंदर्यीकरण को 60 लाख की प्रथम किस्त जारी
चम्पावत। जनपद के धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत स्थल सिद्ध नरसिंह मंदिर कालूखान (खेतीखान) के सौंदर्यीकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वपूर्ण घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए शासन ने 132.42 लाख की परियोजना में से प्रथम चरण के अंतर्गत 100 लाख (एक करोड़) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इसमें से 60 लाख रुपये की प्रथम किस्त व्यय के लिए निर्गत कर दी गई है। यह कार्य कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ संपादित किया जाएगा। जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि यह सौंदर्यीकरण कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय आस्था और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जनपद को मिल रही योजनागत सौगातों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल रही है। शासन द्वारा इस कार्य के सुचारू संचालन को वित्तीय अनुशासन, गुणवत्ता मानकों, समयबद्धता और पारदर्शिता को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जाए।
प्रेक्षागृह के लिए पहली किस्त के रूप में मिले 1.01 करोड़
चम्पावत में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित प्रेक्षागृह के शेष निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने हेतु शासन से कुल 522 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। डीएम ने बताया है कि इस स्वीकृति में पूर्व में मुक्त की गई तथा जिला योजना से उपलब्ध 267.78 लाख की धनराशि को सम्मिलित करते हुए शेष 254.22 लाख की पूर्ति के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में 101.68 लाख की धनराशि व्यय हेतु अवमुक्त कर दी गई है।


