जनता ने ही भाजपा को शीर्ष में पहुंचाया है और जनता ही भाजपा को पाताल में भी पहुंचाएगी : हरीश रावत

भाजपा के झूठे आरोपों के खिलाफ पूर्व सीएम हरीश रावत ने गोल्ज्यू मंदिर में लगाई अर्जी

चम्पावत। अपने जनपद चम्पावत के दौरे के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने न्याय के देवता गोल्ज्यू के दरबार में भाजपा के खिलाफ न्याय की अर्जी लगाई। इससे पहले उन्होंने गोलू देवता के मंदिर पहुंच कर प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए पूजा अर्चना की। इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने उनके खिलाफ दो महाझूठ फैलाए हैं। जिसका न्याय देवता ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने ही भाजपा को शीर्ष में पहुंचाया है और जनता ही भाजपा को पाताल में भी पहुंचाएगी।
इसके बाद पत्रकार वार्ता करते हुए हरीश रावत ने भाजपा पर तीखे हमले किए। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने जो उनके खिलाफ महाझूठ बोले हैं। जिसके लिए उन्होंने आज चम्पावत में न्याय के देवता गोलू देव के मंदिर में प्रार्थना कर न्याय की अर्जी लगाई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा 2017 में भाजपा ने उनके खिलाफ झूठ बोला था कि हरीश रावत ने जुम्मे की छुट्टी की है। 2022 में हवा चलाई थी कि कांग्रेस आएगी तो प्रदेश में मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोल दी जाएगी। उन्होंने भाजपा के नेताओं से कहा वह दिखाएं कि वह आदेश कहा है। कब जुम्मे की छुट्टी संस्थानों में हुई थी। कहा आज प्रदेश में भाजपा ने झूठ बोलकर जनता को बरगलाया है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, पानी तथा मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा ने पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैलाया हुआ है और भाजपा जनता का ध्यान हटाने के लिए धर्म की राजनीति कर जनता को आपस में लड़ा रही है।
हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है। जनता के आशीर्वाद का भाजपा दुरुपयोग कर रही है। भाजपा शासन में जनता परेशान है। उन्होंने कहा भाजपा ने उनके खिलाफ जो दो महाझूठ बोले हैं। अब गोलू देव ही मामले में न्याय करेंगे। कहा कि जनता ने ही भाजपा को शीर्ष में पहुंचाया है और जनता ही भाजपा को पाताल में भी पहुंचाएगी। उन्होंने कहा भाजपा वह चूहा है जिसे जनता रूपी संन्यासी ने वरदान देकर शेर बना दिया और अब भाजपा रूपी शेर जनता रूपी बाबा को ही खाने जा रहा है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा अब वह घोड़ाखाल गोलू देव मंदिर, आदि कैलाश व प्रदेश के सभी देवी देवताओं के पास न्याय की गुहार लगाएंगे।
पूर्व सीएम ने बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियो के साथ बैठक की। पूर्व सीएम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा की मनमानी के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाने की अपील की। इस दौरान पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, निर्मला गहतोड़ी, भुवन चौबे, अशोक वर्मा, मनीष महर, नरेश जोशी, लोकेश पांडे, प्रदीप जोशी समेत तमाम कांग्रेस मौजूद रहे।
