उत्तराखण्डनवीनतमपिथौरागढ़सामाजिक

कुमाऊंनी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करवाने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ तीन दिवसीय 15वां राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन

Ad
ख़बर शेयर करें -

नई पीढ़ी को कुमाऊंनी भाषा के साथ जोड़ने की जरूरत पर वक्ताओं ने रखे अपने विचार, स्कूली शिक्षा का हिस्सा बनाना होगा कुमाउनी भाषा को

Ad

पिथौरागढ़। यहां आयोजित हुए तीन दिवसीय 15वें राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्मेलन का सफल समापन हुआ। देशभर से आए कुमाउनी भाषाप्रेमियों और साहित्यकारों ने 4 से 6 नवंबर तक तीन दिनों में भाषा के प्रचार-प्रसार और प्रभावशाली साहित्य रचने की जरूरत पर विचार विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि शुरुआती कक्षाओं से उच्च शिक्षा तक कुमाउनी को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने से ही भाषा को रोजगार से जोड़ा जा सकता है।

इन तीन दिनों में परिचर्चा, कवि सम्मेलन, पुस्तक विमोचन, सम्मान समारोह और पुस्तक प्रदर्शनी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी हुईं। यह कार्यक्रम उतराखंड भाषा संस्थान, कुमाउनी भाषा साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति और पहरू कुमाउनी मासिक पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। भूमंडलीकरण के दौर में स्थानीय भाषा की चुनौतियां, भाषा को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न साधन, उपबोलियां, कुमाउनी साहित्य में जीवनमूल्य आदि विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने अपने विचार प्रभावी तरीके से रखी।

अंतिम दिन समापन सत्र में कुमाउनी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने और इसे सभी कक्षाओं के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की मांग उठाई गई और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए। इन विषयों पर गंभीर प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। भूतपूर्व सांसद प्रदीप टम्टा भी समापन सत्र में शामिल हुए। एशियन युवा बॉक्सिंग चैंपियनशिप की पदक विजेता निकिता चंद, दीपा मेहता और काजल को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. अशोक पंत और पहरू कुमाउनी मासिक पत्रिका के संपादक डॉ. हयात सिंह रावत ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

तीन दिवसीय 15 वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का शुभारंभ 4 नवंबर को पिथौरागढ़ के मंगलमूर्ति बारात घर में हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक विशान सिंह चुफाल थे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जसविंदर कौर उपनिदेशक उत्तराखंड भाषा संस्थान, कमला पंत पूर्व उपशिक्षा निदेशक उत्तराखंड, देव सिंह पिलख्वाल अध्यक्ष कुमाउंनी भाषा एवं संस्कृति प्रचार समिति, कार्यक्रम के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भण्डारी पूर्व कुलपति सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, आयोजन समिति के संयोजक डाॅ. अशोक पंत एवं पहरू के संपादक डाॅ. हयात सिंह रावत, वरिष्ठ पत्रकार बीडी कसनियाल उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सचिव जनार्दन उप्रेती, डाॅ. दीप चौधरी, महेश पुनेठा, चिंतामणि जोशी, डाॅ. किशोर पंत, आशा सौन, दिनेश भट्ट, गोविंद सिंह बिष्ट, प्रकाश पुनेठा आदि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के बाद मानस एकेडमी की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। हाईस्कूल बिण के विद्यार्थियों ने छलिया नृत्य का प्रदर्शन किया। चंचल सिंह बोरा और पार्टी द्वारा सांस्कृतिक वंदना पेश की गई। स्वागत उद्बोधन करते हुए संयोजक डाॅ. अशोक पंत ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुमाउंनी भाषा का प्रचार प्रसार और संरक्षण करना है। संरक्षक डाॅ. हयात सिंह रावत ने कहा कि हमें अपनी दुदबोली कुमाउंनी को बचाने के लिए लिपि और गढ़वाली कुमाउंनी आदि सभी पूर्वाग्रहों को छोड़कर इसे नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाना होगा। विशिष्ट अतिथि जसविंदर कौर ने उत्तराखंड भाषा संस्थान के द्वारा कुमाउंनी भाषा के संरक्षण व संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शिक्षाविद कमला पंत ने भाषा विज्ञान पर प्रकाश डालते हुए कुमाउंनी भाषा के इतिहास व उपबोलियों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि हमने अपनी दैनिक बातचीत कुमाउंनी में ही करनी चाहिए। सम्मेलन में डाॅ. दीपा गोबाड़ी के कविता संग्रह “उजास” और भारती पाण्डे की पुस्तक “चौसात” का विमोचन किया गया। देव सिंह पिलख्वाल अध्यक्ष कुमाउंनी भाषा एवं संस्कृति प्रचार समिति ने कहा कि हमने कुमाउंनी का सोशल मीडिया द्वारा भी प्रचार प्रसार करना चाहिए। प्रोफेसर नरेंद्र सिंह भण्डारी ने अध्यक्षीय भाषण देते हुए सरकार से मांग की कि सरकार ने कुमाउंनी को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल करके इसका साहित्यिक विकास करना होगा। आयोजन स्थल में स्थानीय कुमाउंनी उत्पाद, ऐपण, कलाकृतियां, ऐतिहासिक सामग्री, लिखित भोजपत्र, ताम्रपत्र, वाद्य यंत्र, पुस्तक प्रदर्शनी आदि के स्टाॅल भी लगाए गए हैं। सम्मेलन में अतिथियों व साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

भोजन उपरांत द्वितीय सत्र में मोहन जोशी की कुमाउनी किताब “बागेश्वरक अमर स्वतंत्रता सेनानी” का विमोचन हुआ। द्वितीय सत्र में “भूमंडलीकरण के दौर में भाषा को चुनौती” और विभिन्न माध्यमों से कुमाउनी भाषा को आगे बढ़ाने के उपायों पर महत्वपूर्ण सत्र हुए। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार चारु तिवारी ने भाषा के महत्व और उदारीकरण के दौर में सामाजिक बदलावों के कारण भाषा के समक्ष आ रही चुनौतियों पर सारगर्भित वक्तव्य दिया। महेश पुनेठा ने आर्थिक पक्ष, डॉ. दिनेश जोशी और दिनेश पंत ने पत्र पत्रिकाओं की भूमिका, प्रकाश पुनेठा ने साहित्यकारों की भूमिका, भारती पांडे ने संस्कृतिकर्मियों की भूमिका पर अपनी बात रखी। हेम पंत ने कुमाउनी भाषा के प्रचार में सोशल मीडिया पर चल रहे प्रयासों पर अपनी बात रखी। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ लेखक नीरज पंत ने की।

सांस्कृतिक संध्या में दीवान कनवाल, कमल नयन, नारायण सोराड़ी, चंचल बोरा आदि कलाकारों ने सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित बसंती देवी, मोहन जोशी, गजेंद्र सिंह बोरा, राजीव जोशी, डाॅ. आनंदी जोशी, महेंद्र ठकुराठी, डाॅ. पीतांबर अवस्थी, नीरज चंद्र जोशी, हेमराज बिष्ट, प्रहलाद मेहरा, अनीता जोशी, शुभम नाथ, प्रकाश जोशी, देवाशीष पंत, विजेंद्र पटियाल, सुमन बिष्ट, योगेश भट्ट, हेम पंत, रोमी, नानू बिष्ट, ललिता प्रसाद जोशी, महेश बराल, रमेश जोशी, डाॅ. सीबी जोशी, नीरज पंत, केपीएस अधिकारी, त्रिभुवन बिष्ट, विपिन जोशी “कोमल”, सीपी जोशी, जमन सिंह बिष्ट, शिव दत्त पाण्डे आदि उपस्थित थे।

Ad Ad