चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में हुई गैस सिलेंडर के उपयोग की जांच, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद चम्पावत में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट के नेतृत्व में आज शनिवार को चम्पावत क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडारों में व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस विशेष अभियान का उद्देश्य व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू रसोई गैस के अवैध उपयोग पर अंकुश लगाना तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना था। निरीक्षण दल द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों नेहा स्वीट्स, तिवारी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, चंचल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, बालेश्वर स्वीट्स एवं फूडीज व अन्य का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त तड़ागी टी स्टॉल, कार्की स्वीट्स, तड़ागी रेस्टोरेंट, पुनेठा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट तथा सेवेन चीज पिज्जा सहित अन्य प्रतिष्ठानों की भी सघन जांच की गई।

Ad Ad

निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में उपयोग हो रहे गैस चूल्हों एवं सिलेंडरों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर सुरक्षा जोखिम भी उत्पन्न करता है।

प्रशासन द्वारा सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण अभियान के दौरान क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक मनोज शाह, पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार, पूर्ति निरीक्षक भावना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad