उत्तराखंड में मानसून का इंतजार खत्म, कल दे सकता है दस्तक, आज भी सभी जिलों में प्री मानसून बारिश

देहरादून। इस बार भीषण गर्मी से हलकान हो रहे उत्तराखंड के लोगों के लिए खुशखबरी है। कल या परसों यानी 28 या 29 जून को मानसून उत्तराखंड में प्रवेश कर जाएगा। इससे तापमान कम होगा और गर्मी से राहत मिलेगी। जिन स्थानों पर वनों में आग लगी हुई है, वहां वनाग्नि से भी निजात मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी उत्तराखंड के सभी जिलों में प्री मानसून बारिश होगी। राज्य के 12 जिलों में अधिकतर स्थानों पर मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश होने का अनुमान जारी किया है। हरिद्वार जिले में कम स्थानों पर बारिश होगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बादलों की गर्जना और बिजली चमकने का भी अनुमान लगाया है। इसके साथ ही लगभग सभी जिलों में तेज हवाएं चलेंगी।

मानसून की बारिश के मद्देनजर उत्तराखंड के 11 पहाड़ी जिले अति संवेदनशील हैं। पहाड़ में तेज बारिश में गदेरों में बाढ़ आ जाती है, जिससे नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। जगह-जगह लैंडस्लाइड से मोटर और पैदल मार्ग बंद हो जाते हैं। खासकर उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में लैंडस्लाइड की घटनाएं बड़ी संख्या में होती हैं। इसके साथ ही हरिद्वार जिले में बाढ़ आफत का कारण बनती है तो उधमसिंह नगर जिले में जलभराव से समस्या पैदा होती है।

