रुद्रपुर में हुआ डबल मर्डर, पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, दुकान कब्जाने को लेकर हुआ था विवाद


रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले की रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी में दुकान कब्जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने पिता पुत्र की गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए। डबल मर्डर की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक गला मंडी स्थित एक दुकान पहले दिनेश सलूजा के पास थी। सलूजा ने बैंक से कर्ज लिया था, लेकिन खाता एनपीए होने के बाद बैंक द्वारा कार्रवाई करते हुए उक्त संपत्ति को नीलाम कर दिया गया था। ऑक्शन के बाद उक्त संपत्ति को रुद्रपुर के गुरमीत सिंह द्वारा खरीदा गया था। जिसके बाद से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। दिनेश सलूजा द्वारा इस मामले को लेकर कोर्ट की शरण ली हुई थी, लेकिन उसे कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिली थी।

रविवार देर रात गुरमीत सिंह को सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि उसकी दुकान की दीवार को एक जेसीबी से हटाया जा रहा है। इस पर वह अपने बेटे मनप्रीत के साथ गल्ला मंडी स्थित दुकान पर पहुंचा। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कब्जेधारियों ने गुरमीत सिंह और मनप्रीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से गुरमीत और मनप्रीत की मौत हो गई। घटना में गुरमेज (60) के पैर और मनप्रीत (26) के सीने में गोली लगी। हनी ने भागकर जान बचाई।
गोलीकांड और हत्या की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सहित एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम, सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि देर रात दुकान के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। इस दौरान एक पक्ष ने पिता पुत्र को गोली मार कर हत्या कर दी। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

