रीठा साहिब में पिकअप वाहन खाई में लुढका, हादसे में तीन लोग हुए घायल
चम्पावत। रीठा साहिब क्षेत्र में कल शुक्रवार की शाम को एक बड़ी दुर्घटना होते होते हुए बची। रीठा साहिब पार्किंग से परेवा की ओर जा रहा पिकअप वाहन खड़ी चढ़ाई में अचानक पीछे की ओर गया और खाई में लुढ़क गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में सवार 4 लोग घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को खाई से बाहर निकाल कर चौड़ामेहता अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लोहाघाट उप जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

लोहाघाट में चिकित्साधीक्षक विराज राठी के नेतृत्व में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव चौहान और अन्य चिकित्सकों ने सभी घायलों का इलाज किया। डॉ. राठी ने बताया है कि दुर्घटना में 3 लोगों को गंभीर चोट आई है और एक मामूली रूप से चोटिल हुआ है। चालक सुरेंद्र सिंह पुत्र शिवराज सिंह के सिर पर चोट लगी है, जिन्हें सीटी स्कैन के लिए चम्पावत जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना में अर्जुन सिंह (60) पुत्र स्वर्गीय जगत सिंह निवासी परेवा मामले रूप से चोटिल हुए हैं। राहुल (25) पुत्र प्रकाश सिंह, मोहन सिंह (45) पुत्र स्वर्गीय केसर सिंह चोटिल हैं। दुर्घटना में घायल अर्जुन सिंह ने बताया है कि रीठा साहिब पार्किंग से पिकअप परेवा की ओर जा रही थी। तभी खड़ी चढ़ाई में पिकअप रूक गई और पीछे की ओर लुढ़कते हुए सड़क से नीचे खाई में पलट गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडेय ने उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंच कर सभी घायलों का हालचाल जाना।


