देशनवीनतमहादसा

दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, पूरे गांव में मातम

ख़बर शेयर करें -

दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, पूरे गांव में मातम

महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने खुशियों से लौट रहे एक परिवार को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। दरअसल दिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य की तलाश के लिए देर रात तक अभियान चलता रहा।

Ad Ad

अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार, इंदौरे गांव निवासी दरगोड़े परिवार के सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहे थे। दिंडोरी के राजे बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक वार्षिक समारोह में बच्चों को लेकर पहुंचे परिवार के लिए यह शाम खुशी भरी थी, लेकिन वापसी का सफर त्रासदी में बदल गया। रात करीब साढ़े 11 बजे, जब कार शिवाजीनगर इलाके से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क किनारे स्थित पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुएं में पानी भरा होने के कारण राहत कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। आधी रात तक चले ऑपरेशन में दो क्रेनों की मदद से कार को बाहर निकाला गया। इसके बाद एक-एक कर शवों को बाहर लाया गया।

इस भीषण हादसे में सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (34), उनकी पत्नी रेशमा (30), बेटी राखी (10), भतीजियां माधुरी (13) और श्रवणी (11) समेत कुल 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आशा दरगोड़े (32), उनके बेटे श्रेयश (11), बेटी सृष्टि (14) और समृद्धि (7) भी इस हादसे का शिकार हो गए। एक अन्य लड़की की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जो कार से बाहर निकलकर कुएं में डूब गई थी।

हादसे के बाद पूरे इंदौरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार के इतने लोगों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले बच्चों की हंसी गूंज रही थी, वहां अब मातम का माहौल है। दिंडोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वाहन के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Ad Ad