चम्पावत जिले के ट्रक चालक की रुद्रपुर में हुई संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
रुद्रपुर। पिथौरागढ़ से सामान लेकर दिनेशपुर क्षेत्र में आए एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिडकुल क्षेत्र की एक पार्किंग में चालक का शव उसके ट्रक के अंदर ही बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक जनपद चम्पावत का रहने वाला था।
मृतक की पहचान दर्शन सिंह (45 वर्ष) पुत्र स्व. दयाल सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से धूरा सूखीढांग तहसील टनकपुर, जिला चम्पावत के रहने वाले थे। दर्शन सिंह एक कूरियर सर्विस में चालक के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह शनिवार रात (11 अप्रैल) करीब 11:30 बजे पिथौरागढ़ से ट्रक लेकर दिनेशपुर स्थित एक कूरियर कंपनी पहुंचे थे। रात करीब 12:15 बजे खाना खाने के बाद वह ट्रक की सीट पर ही सो गए थे।
शव की प्राप्ति: रविवार सुबह काफी देर तक न उठने पर पार्किंग मुंशी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के भाई कैलाश सिंह, मृतक की पत्नी ललिता देवी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि मृतक के गले और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। इन निशानों को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि दर्शन सिंह के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सिडकुल चौकी प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


