हरिद्वार गंगा में डूबने से गाजियाबाद के दो दोस्तों की मौत, चेतावनी को दरकिनार कर नहाना पड़ा भारी
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहां दूधियावन क्षेत्र में गाजियाबाद से घूमने आए दो दोस्तों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दोनों दोस्त परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सिविल औक जल पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। जिसके तहत कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र के रोड़ी बेलवाला स्थित दूधियावन बीट में ठोकर नंबर एक पर रविवार यानी 5 अप्रैल की सुबह नहाने के दौरान दो व्यक्ति बृजेश कुमार और सचिन त्यागी गंगा के गहरे पानी की चपेट में आ गए। जो देखते ही देखते गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब सवा घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
गंगा में डूबने से मौत-
— बृजेश कुमार त्रिपाठी पुत्र राजनाथ त्रिपाठी (उम्र 43 वर्ष), निवासी- राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद
— सचिन त्यागी पुत्र जगजीत सिंह त्यागी (उम्र 39 वर्ष), निवासी- राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया है कि सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आपस में दोस्त थे और हरिद्वार घूमने के दौरान गंगा स्नान के लिए यहां आए थे। उन्होंने ये भी बताया है कि जहां पर यह हादसा हुआ, वो क्षेत्र प्रतिबंधित और अत्यंत असुरक्षित है। वहां पर स्पष्ट रूप से ‘यहां पर स्नान करना सख्त मना है’ के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी करते हुए गहरे पानी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो जाते हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है. वहीं, पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और चेतावनी संकेतों का पालन करें। ताकि, इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

