चम्पावत के ग्राम पैती निवासी डॉ.शरत की पुस्तक का केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने किया विमोचन

चम्पावत के पैती गांव के निवासी डॉ. शरत चंद्र जोशी की पुस्तक ‘देवभूमि उत्तराखंड : उदभव और विकास’ का विमोचन गुड़गावं में उत्तराखंड सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ। पुस्तक का विमोचन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने किया।
पुस्तक के लेखक डॉ. शरत चंद्र जोशी ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड पुस्तक पांच भागों में विभाजित की गई है। जिसमें उत्तराखंड परिचय, आंकड़े और तथ्य प्रमुख स्थान तथा उत्तराखंड में अलग अलग विधाओं में कार्य कर रहे लोगों का विवरण है। पुस्तक अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओ में प्रकाशित की गई है। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अवश्य ही इस पुस्तक के माध्यम से उत्तराखंड के विषय में जानने के लिए बहुत कुछ है। पुस्तक में उपलब्ध जानकारी शोध विद्यार्थियों और आम जनमानस के लिए हितकारी होगी। कार्यक्रम में सल्ट के विधायक महेश जीना, उद्योगपति नरेन्द्र सिंह लडवाल, उद्योगपति संजय जोशी, विंग कमांडर संजय शर्मा, कैलाश चंद्र जोशी, कपिल जोशी आदि मौजूद रहे।
मालूम हो कि चम्पावत जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पैती में जन्मे डा.शरत चंद्र जोशी वर्तमान में भारत सरकार में परियोजना निदेशक (अनुसंधान) के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 1991 में राजस्थान विवि जयपुर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। डॉ.शरत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार में परियोजना अधिकारी (एनसीएफ) के रूप में भी कार्यरत रह चुके हैं। ‘देवभूमि उत्तराखंड : उदभव और विकास’ डॉ. शरत चंद्र जोशी की 25वीं किताब है। इससे पहले भी उन्होंने उत्तराखंड राज्य एवं भारत के पूर्वी राज्यों के पहाड़ी संस्कृति और सभ्यता को अपनी पुस्तकों के माध्यम से जीवंत किया है।



