वीडियो : योग प्रशिक्षिका की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर हंगामा
हल्द्वानी। छोटी मुखानी के जेकेपुरम में 31 जुलाई को हुई योग प्रशिक्षिका ज्योति की मौत के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी है। शुक्रवार को पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत मृतका के परिजन और अन्य लोगों के साथ कोतवाली हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई।
हरीश रावत ने कहा कि वह सभी लोग एसएसपी नैनीताल से मिलने पहुंचे थे। यहां कोतवाली में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। महिलाओं से अभद्रता भी हुई। पुलिस ने उनका कॉलर भी पकड़ा और धक्का मारते हुए अंदर ले गए। बाद में जब महिलाओं का गुस्सा बढ़ा तो एक घंटे बाद छोड़ा गया। कहा कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के बजाय न्याय के लिए लड़ने वालों से दुर्व्यवहार कर रही है। मामले को दबाना चाहती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पिछले दिनों गोला मार में मारे एक बच्चे के मामले का भी खुलासा करने की मांग उठाई है।
सशक्त एकता व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी। आरोपियों की नौ दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सशक्त एकता व्यापार मंडल ने आंदोलन की चेतावनी दी है। एसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि 30 जुलाई की घटना के बाद से अब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने शासन प्रशासन से इस विषय पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि कुमाऊं के द्वार हल्द्वानी में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सीमा बत्रा, काजल खत्री, ज्योति अवस्थी, कंचन, प्रेमा मेर, बबीता जोशी आदि मौजूद रहीं।
